पाकिस्तान के अनुभवी हरफनमौला शोएब मलिक अपने बेटे की बीमारी के कारण सोमवार को बांग्लादेश के खिलाफ तीसरे और अंतिम टी20 अंतराष्ट्रीय मैच में नहीं खेलेंगे। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने यह जानकारी दी। मलिक ने भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा से शादी की है और इस दंपति का तीन साल का बेटा इजहान है।

पीसीबी से जारी बयान के मुताबिक, शोएब मलिक अपने बच्चे की बीमारी के कारण सोमवार को बांग्लादेश के खिलाफ तीसरे और अंतिम टी20 मैच में नहीं खेल पाएंगे और वह मैच से पहले दुबई के लिए रवाना हो जाएंगे।

हाल ही में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में संपन्न हुए टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचने वाला पाकिस्तान तीन मैचों की इस टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में 2-0 से आगे है। पीसीबी ने इसके साथ ही कहा कि टेस्ट टीम के सदस्य इस मैच के बाद चटगांव रवाना होंगे जबकि टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम के सदस्य मंगलवार को दुबई के रास्ते पाकिस्तान लौटेंगे।

पाकिस्तान और बांग्लादेश विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के तहत दो मैच खेलेंगे। इस श्रृंखला का पहला टेस्ट चटगांव (शुक्रवार से) जबकि दूसरा टेस्ट ढाका (चार से आठ दिसंबर) में खेला जायेगा।


Download Android App
Download iOS App



