गोल्ड कोस्ट : भारत की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू, साइना नेहवाल, एच एस प्रणय और किदाम्बी श्रीकांत ने अपने-अपने एकल मैच जीतकर 21वें राष्ट्रमंडल खेलों की बैडमिंटन स्पर्धाओं के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। भारतीय शटलरों ने गुरूवार को बेहतरीन शुरूआत की और महिला एकल के अंतिम-16 राउंड में साइना ने आइल ऑफ मैन की जैसिका ली के दूसरे गेम में रिटायर्ड हर्ट होने के बाद क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। विश्व की 12वें नंबर की खिलाड़ी ने पहला गेम 21-4 से जीता लेकिन ली ने दूसरे गेम में 0-2 से पिछड़ने के बाद मैच छोड़ दिया।
ओलंपिक रजत विजेता सिंधू ने आस्ट्रेलिया की सुआन यू वैंडी चेन को 21-15, 21-9 से लगातार गेमों में हराया। अन्य महिला एकल मैच में रूत्विका गाडे ने सिंगापुर की जिया मिन यिओ के खिलाफ तीन गेमों तक चुनौतीपूर्ण मैच के बाद 21-10, 21-23, 21-10 से जीत अपने नाम की। पुरूष एकल में प्रणय ने अपने अंतिम-16 राउंड मैच में आस्ट्रेलिया के एंथोनी जो को 35 मिनट में 21-18, 21-18 से तथा विश्व के दूसरे नंबर के खिलाड़ी श्रीकांत ने श्रीलंका के निलुका करूरारत्ने को 21-10, 21-10 से आसानी से पराजित कर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
एकल के अलावा मिश्रित युगल में भारत ने अपने दोनों मैच जीते। सात्विकसेराज रैंकीरेड्डी और अश्विनी पोनप्पा की जोड़ी ने कनाडा की क्रिस्टन साई तथा नी याकूरा को 25 मिनट में 21-10, 21-7 से हराया जबकि प्रणव जैरी चोपड़ा और एन सिक्की रेड्डी की जोड़ी ने सिंगापुर के डैनी बावा क्रिसांथा और जिया यिंग क्रिस्टल वोंग की जोड़ी को 21-19, 21-13 से पराजित कर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली।
अन्य विशेष खबरों के लिए पढ़िये पंजाब केसरी की अन्य रिपोर्ट।


Download Android App
Download iOS App



