नानजिंग : भारत की दो शीर्ष महिला खिलाड़ियों तीसरी सीड पीवी सिंधू और 10वीं सीड साइना नेहवाल तथा पुरूष खिलाड़ी बी साई प्रणीत ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुये गुरूवार को विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया लेकिन पांचवीं सीड किदाम्बी श्रीकांत उलटफेर का शिकार होकर बाहर हो गये। गत रजत पदक विजेता सिंधू ने नौवीं सीड कोरिया की सुंग जी हियून को 42 मिनट में 21-10, 21-18 से हराया जबकि विश्व चैंपियनशिप में रजत और कांस्य पदक जीत चुकी साइना ने चौथी वरीयता प्राप्त थाईलैंड की रत्चानोक इंतानोन को 47 मिनट में 21-16, 21-19 से पराजित किया।
प्रणीत ने डेनमार्क के हैंस क्रिस्टियन विटिनगुस को 39 मिनट में 21-13, 21-11 से हराया। लेकिन श्रीकांत को गैर वरीय मलेशियाई खिलाड़ी डैरेन लियू ने 41 मिनट में 21-18, 2-18 से हरा दिया। सात्विकसेराज रैंकीरेड्डी और अश्विनी पोनप्पा की जोड़ी ने सातवीं सीड मलेशियाई जोड़ गोह सून हुआत और शेवोन जेमी लेई को 59 मिनट के संघर्ष में 20-22, 21-14, 21-6 से हराकर मिश्रित युगल के क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली। ओलंपिक रजत विजेता सिंधू ने इस जीत के साथ सुंग जी के खिलाफ अपना करियर रिकार्ड 8-5 कर लिया है। लेकिन क्वार्टर फाइनल में सिंधू को अब अपनी सबसे बड़ी प्रतिद्वंद्वी जापान की नोजोमी ओकुहारा से मुकाबला करना पड़गा।


Download Android App
Download iOS App



