दुबई: ओलंपिक रजत पदक विजेता पीवी सिंधु सीधे गेम में जीत दर्ज करके दुबई सुपर सीरिज बैडमिंटन के अगले दौर में पहुंच गई जबकि किदाम्बी श्रीकांत लगातार दूसरी हार के बाद बाहर हो गए। दुनिया की तीसरे नंबर की खिलाड़ी सिंधू ने सिर्फ 36 मिनट में जापान की सायाका सातो को 21-13, 21-12 से मात दी। यह 10 लाख डालर ईनामी राशि के टूर्नामेंट में उनकी लगातार दूसरी जीत है।इससे पहले कल उन्होंने चीन की हि बिंगजियाओ को हराया था।
अब जापान की अकाने यामागुची से उन्हें अगला मुकाबला खेलना है। श्रीकांत को चीनी ताइपै के चोउ तियेन चेन ने हराया। श्रीकांत को ग्रुप बी में अभी भी एक मैच खेलना है लेकिन अगले दौर में पहुंचने की संभावनायें नहीं बची है। श्रीकांत को शुरूआती मुकाबले में कल दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी और गत चैम्पियन विक्टर एक्सेलसेन ने हराया था। वह आज चेन से 18-21, 18-21 से हार गए। दुनिया के सातवें नंबर के खिलाड़ी चेन को यह मुकाबला जीतने में 43 मिनट लगे।
श्रीकांत अगले मैच में आल इंग्लैंड उपविजेता चीन के शि यूकी से खेलेंगे। यूकी ने पहले मैच में चोउ को हराया था और आज एक्सेलसेन को मात दी। श्रीकांत अगर उन्हें हरा भी देते हैं तो अगले दौर में नहीं पहुंच सकेंगे। एक्सेलसेन और चोउ में से विजयी रहने वाला ही अगले दौर में पहुंचेगा जबकि यूकी इसमें जगह बना चुके हैं। श्रीकांत आज अपना चिर परिचित खेल नहीं दिखा सके और शुरू ही से पिछड़ गए। दूसरे गेम में बेहतर प्रदर्शन के बावजूद वह लय बरकरार नहीं रख सके।
हमारी मुख्य खबरों के लिए यह क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



