18 साल से चेन्नई सुपर किंग्स का साथ निभाने के बाद अब इस टीम के मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग अलग होने का फैसला कर चुके हैं। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) फ्रेंचाइजी ने सोमवार को ऑफिशियल बयान जारी कर के इस बात की जानकारी दी। दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से इस पार्टनरशिप को खत्म करने का फैसला किया है। चेन्नई सुपर किंग्स ने आखिरी बार 2023 में आईपीएल का खिताब जीता था।
जिसके बाद टीम 2024, 2025 और 2026 सीजन में प्लेऑफ के लिए भी क्वालिफाई नहीं कर सकी. लगातार खराब प्रदर्शन की वजह से पिछले कुछ समय से स्टीफन फ्लेमिंग के आने वाले समय को लेकर सवाल उठ रहे थे। ऐसे में अब फ्रेंचाइजी ने न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान से अलग होने का फैसला किया है.
CSK ने बयान जारी कर दी जानकारी

चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने ऑफिशियल बयान को जारी करते हुए कहा कि, ‘सुपर किंग्स और स्टीफन फ्लेमिंग ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला किया है, जिसके साथ इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास की सबसे सफल और सबसे लंबे समय तक चली पार्टनरशिप में से एक का अंत हो गया है।’ फ्रेंचाइजी ने अपनी बात जारी रखते हुए आगे कहा कि, ‘यह फैसला फ्लेमिंग और सुपर किंग्स मैनेजमेंट के बीच कई खुली और ईमानदार चर्चाओं के बाद, आपसी सम्मान और आभार के साथ लिया गया है।’
सीएसके के साथ कैसी रही स्टीफन फ्लेमिंग की जर्नी?

जानकारी के लिए आपको बता दें कि स्टीफन फ्लेमिंग ने IPL के पहले सीजन (2008) में चेन्नई सुपर किंग्स को बतौर खिलाड़ी ज्वाइन किया था। इसके बाद 2009 में उन्होंने टीम के मुख्य कोच की जिम्मेदारी संभाली और अगले 17 सालों में उनके अंडर सिएसके (CSK) ने फ्रेंचाइजी क्रिकेट की सबसे सफल और सबसे सम्मानित टीमों में अपनी पहचान बनाई। फ्लेमिंग के पूरे वर्क साइकल में चेन्नई सुपर किंग्स ने 5 आईपीएल खिताब जीते और 2 चैंपियंस लीग टी-20 ट्रॉफी अपने नाम कीं। इसी के साथ टीम ने 12 बार प्लेऑफ में जगह बनाई और तो और 10 बार आईपीएल में फाइनल भी खेला।
सीएसके की मालिक रूपा गुरुनाथ ने क्या कहा?

फ्लेमिंग के अलग होने की अनाउंसमेंट के बाद सीएसके की मालिक रूपा गुरुनाथ ने उनके योगदान पर जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि, ‘स्टीफन फ्लेमिंग इस फ्रेंचाइजी के लगभग पूरे सफर में हमारी कोचिंग यूनिट की धड़कन रहे हैं. करीब दो दशक तक उन्होंने हमारी पहचान, हमारे विजन और एक्सीलेंस की संस्कृति को आकार देने में अहम भूमिका निभाई.’
अपनी बात जारी रखते हुए उन्होंने आगे कहा कि, ‘सुपर किंग्स फ्रेंचाइजी की ओर से हम उनके समर्पण, जुनून और नेतृत्व के लिए दिल से आभार व्यक्त करते हैं। भले ही मैदान पर अब हमारा साथ खत्म हो रहा हो, लेकिन वह हमेशा हमारी विरासत का अभिन्न हिस्सा बने रहेंगे।’
मैनेजिंग डायरेक्टर केएस विश्वनाथन की क्या है राय?

फ्रेंचाइजी के मैनेजिंग डायरेक्टर केएस विश्वनाथन ने इसपर कहा कि, ‘इस सफर की शुरुआत से ही फ्लेमिंग ने सिर्फ हमारी खेल शैली तय नहीं की, बल्कि यह भी तय किया कि एक फ्रेंचाइजी के तौर पर हमारी पहचान क्या होगी। उन्होंने निरंतरता, विनम्रता और टीम को हमेशा प्राइयोरिटी देने वाली संस्कृति विकसित की. खिलाड़ियों को समझने और हर किसी से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन निकलवाने की उनकी क्षमता उनकी सबसे बड़ी खूबियों में रही।’ उन्होंने आगे कहा कि, ‘उनका असर सिर्फ मैदान तक सीमित नहीं रहा। हमें गर्व है कि हमें उनके साथ इतने शानदार सफर का हिस्सा बनने का मौका मिला।’
टीम से निकलने के बाद स्टीफन फ्लेमिंग ने क्या कहा?

वहीं दूसरी ओर फ्रेंचाइजी से विदाई लेते हुए फ्लेमिंग ने कहा कि, ‘खेल की दुनिया में अठारह साल एक पूरी जिंदगी के बराबर होते हैं और मैं यहां से सिर्फ कृतज्ञता के साथ जा रहा हूं। चेन्नई सुपर किंग्स के साथ बिताया गया समय मेरे कोचिंग करियर का सबसे बड़ा सौभाग्य रहा है। हमने साथ मिलकर कई यादगार जीत हासिल कीं, मुश्किल दौर का सामना किया और ऐसी यादें बनाई जो हमेशा मेरे साथ रहेंगी. सिएसके हमेशा मेरे दिल के करीब रहेगा और आने वाले सालों में भी मैं इस टीम का समर्थन करता रहूंगा।’
Read More: T-20 की हार का बदला लेगी टीम इंडिया, इंग्लैंड के खिलाफ पहले ODI मैच में क्या होगी प्लानिंग?-जानें























