प्रो-कबड्डी में ​फिर ​12 टीमें आमने-सामने

Summary :

प्रो-कबड्डी लीग के छठे सीजन का आगाज रविवार से हो रहा है। 12 राज्यों में 12 टीमें अपने प्रशंसकों का मनोरंजन करते हुए खिताब के लिए अपनी दावेदारी पेश करेंगी।

नई दिल्ली : नए रूप में तैयार 12 टीमें एक बार फिर तीन माह के रोमांचक सफर में वीवो प्रो-कबड्डी लीग खिताब के लिए संघर्ष करती नजर आएंगी। प्रो-कबड्डी लीग के छठे सीजन का आगाज रविवार से हो रहा है। देश के 12 राज्यों में ये 12 टीमें अपने प्रशंसकों का मनोरंजन करते हुए खिताब के लिए अपनी दावेदारी पेश करेंगी। इस लीग की प्रबल दावेदार माने जाने वाली मौजूदा विजेता पटना पाइरेट्स एक बार फिर अपने सबसे बेहतरीन खिलाड़ी ‘डुबकी किंग’ प्रदीप नरवाल के दम पर अपना खिताब बचाने उतरेगी, जो पिछले तीन सीजन से उसके पास है। दीपक नरवाल, विकास काले, जवाहर डागर जैसे खिलाड़ी प्रदीप का साथ देंगे।

पिछले सीजन में शामिल हुई चार नई टीमों में से निकलकर फाइनल तक का सफर तय करने वाली गुजरात फार्च्यूनजाएंट्स ने अपने बेहतरीन रेडर सचिन और महेंद्र राजपूत को रीटेन किया है। इसके अलावा, उसने के. प्रपंजन, परवेश बैंसवाल, हादी ओस्त्रोक को अपने साथ जोड़ा है। पिछले सीजन में अति-आत्मविश्वासी होकर खिताब हारने वाली गुजरात इस बार इस गलती को नहीं दोहराएगी और उसका लक्ष्य खिताब के अपने अधूरे सफर को पूरा करना होगा। वीवो प्रो-कबड्डी लीग के पहले संस्करण का खिताब जीतने वाली जयपुर पिंक पैंथर्स ने भी इस बार कमर कसते हुए मैदान पर कदम रखने का फैसला किया है।

प्रो-कबड्डी लीग चयन प्रक्रिया: कोर्ट का दखल देने से इंकार

उसके आत्मविश्वास की मजबूत डोर इस बार दीपक निवास हुड्डा, मोहित चिल्लर, अनूप कुमार जैसे खिलाड़ियों के हाथ में है। पूरी तरह से नए रूप में उतर रही यह टीम इस बार अन्य 11 टीमों पर भारी पड़ सकती है। दूसरे सीजन की विजेता यू-मुंबा पर नजर डाली जाए, तो पिछले संस्करणों में अपने कमजोर डिफेंस के कारण खिताब से वंचित रही इस टीम ने इस बार अपने डिफेंस को अधिक मजबूत बनाने पर ध्यान दिया है और इसीलिए, इसने पिछले सीजन में गुजराज फॉर्च्यूनजाएंट्स के बेस्ट डिफेंडर रहे फाजेल अतराचेली को अपनी टीम में शामिल किया है। इसके अलावा, मुंबई अबोफजल, रोहित बालियान, धर्मराज चेरालाथन के साथ नए सिरे से लीग के आगाज के लिए और दूसरी बार खिताब पर कब्जा जमाने के लिए तैयार है।

Desk Team