मुंबई : भारतीय कप्तान विराट कोहली को बांग्लादेश के खिलाफ तीन मैचों की आगामी टी-20 सीरीज के लिये आराम दिया गया है और उपकप्तान रोहित शर्मा को टीम की कमान सौंपी गयी है। विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन और ऑलराउंडर शिवम दुबे को इस सीरीज के लिये भारतीय टीम में शामिल किया गया है जबकि अनुभवी विकेटकीपर महेंद्र सिंह धोनी एक बार फिर अनुपलब्ध रहे।
भारत को बांग्लादेश के खिलाफ टी-20 सीरीज के बाद दो टेस्टों की सीरीज खेलनी है जिसके लिये राष्ट्रीय चयनकर्ताओं ने वही टीम बरकरार रखी है जिसने दक्षिण अफ्रीका को पहली बार 3-0 से हराया था। हालांकि टेस्ट टीम में लेफ्ट आर्म स्पिनर शाहबाज नदीम को जगह नहीं मिली है जिन्होंने रांची में तीसरे टेस्ट में अपना पदार्पण किया था। टी-20 सीरीज के मैच 3-10 नवंबर के बीच दिल्ली, राजकोट और नागपुर में खेले जाएंगे। राष्ट्रीय चयनकर्ताओं ने गुरूवार को अपनी बैठक में बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू सीरीज के लिये टी-20 और टेस्ट टीमों का चयन किया।
विजय हजारे एकदिवसीय टूर्नामेंट में दूसरे टूर्नामेंट में रिकार्डतोड़ नाबाद 212 रन बनाने वाले केरल के विकेटकीपर बल्लेबाज सैमसन को टीम में फिर से शामिल किया गया है। सैमसन ने अपना पिछला एकमात्र टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच जुलाई 2015 में हरारे में जिम्बाब्वे में खेला था। मुंबई के ऑलराउंडर शिवम दुबे को पहली बार भारतीय टीम में जगह मिली है। दुबे को संभवत: ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या की जगह टीम में शामिल किया गया है जो चार अक्टूबर को लंदन में अपने पीठ के निचले हिस्से की सर्जरी कराने के बाद रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं। चयनकर्ताओं ने हार्दिक और जसप्रीत बुमराह दोनों पर ही विचार नहीं किया जो अपनी सर्जरी के बाद रिहैबलिटेशन से गुजर रहे हैं।
हार्दिक की अनुपस्थिति ने दुबे के खेल के छोटे फार्मेट में टीम में जगह बनाने के रास्ते खोल दिये हैं। टीम की घोषणा करते हुये राष्ट्रीय चयनकर्ता प्रमुख एमएसके प्रसाद ने कह कि हमारे पहले के टी-20 दल में हार्दिक थे और हमने विजय शंकर को भी आजमाया था। अब हमने महसूस किया है कि ऑलराउंडर भूमिका के लिये शिवम को मौका मिलना चाहिये जिसमें वह पूरी तरह फिट बैठते हैं। वह आक्रामक बल्लेबाजी करते हैं और उन्होंने वेस्टइंडीज तथा दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत ए सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया था। चयनकर्ताओं ने टेस्ट सीरीज के लिये अपरिवर्तित टीम घोषित की है। टी-20 से विश्राम के बाद विराट वापिस टेस्ट टीम में भारत की कप्तानी संभालेंगे।


Download Android App
Download iOS App



