वसीम अकरम ने सूर्यकुमार यादव की तारीफों के बांधे पुल, कहा- विश्व कप में साबित हो सकते हैं गेम चेंजर

Summary :

पाकिस्तान के पूर्व कप्तान वसीम अकरम ने आईसीसी टी20 विश्व कप में सूर्यकुमार यादव को भारत के लिये संभावित ‘गेम चेंजर’ करार करते हुए कहा कि पावरप्ले के बाद के ओवरों में उसके ‘360’ डिग्री के शॉट खेलने की काबिलियत उसे एक विशेष खिलाड़ी बनाती है।

पाकिस्तान के पूर्व कप्तान वसीम अकरम ने आईसीसी टी20 विश्व कप में सूर्यकुमार यादव को भारत के लिये संभावित ‘गेम चेंजर’ करार करते हुए कहा कि पावरप्ले के बाद के ओवरों में उसके ‘360’ डिग्री के शॉट खेलने की काबिलियत उसे एक विशेष खिलाड़ी बनाती है। भारत और पाकिस्तान रविवार को एक दूसरे के खिलाफ टूर्नामेंट में अभियान शुरू करेंगे। बायें हाथ के इस महान गेंदबाज ने कहा कि आईसीसी टूर्नामेंट में पाकिस्तान के निराशाजनक रिकार्ड का आगामी मैच पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
महान खिलाड़ी अकरम ने कहा, सूर्यकुमार यादव भारत के ‘गेम चेंजर’ खिलाड़ी होंगे। वह छह (पावरप्ले) ओवर के बाद मैच का रूख बदल देंगे और मैंने उसके शॉट्स देखे हैं, वह कोलकाता नाइट राइडर्स में (2012 और 2014) में मेरे साथ (अकरम टीम के मेंटोर) था और उसमें काफी सुधार हुआ है। 
उन्होंने कहा, वह कितना शानदार खिलाड़ी बन गया है। वह सुरक्षित शाट खेलता है, रूकता नहीं है इसलिये उसे इसी तरह से खेलना चाहिए। बल्कि अकरम को लगता है कि बीसीसीआई द्वारा पिछले दशक में घरेलू क्रिकेट में किये गये बदलाव ने टीम को सूर्यकुमार जैसा खिलाड़ी दिया है। मैंने अजिंक्य रहाणे को सुना कि बीसीसीआई ने घरेलू क्रिकेट में निवेश किया है। अब आपको उसका फल मिल रहा है। विराट कोहली ने टी20 कप्तानी छोड़ने का फैसला किया है तो अकरम को लगता है कि इससे उन्हें टूर्नामेंट में बिना किसी दबाव के क्रिकेट खेलने में मदद मिलेगी।
कोहली और पाकिस्तान के युवा कप्तान बाबर आजम के बीच तुलना पर अकरम ने कहा कि बाबर उपलब्धियों के मामले में भारतीय कप्तान का अनुकरण करेगा। उन्होंने कहा, विराट तो विराट है, दुनिया के महान खिलाड़ियों में से एक। बाबर ने अभी कप्तानी शुरू ही की है, लेकिन वह काफी अच्छा खिलाड़ी है। वह टी20 या वनडे, सभी प्रारूपों में निरंतर रहा है। वह कप्तानी के गुर सीख रहा है, वह काफी तेज सीखता है। 

Desk Team