भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के पूर्व सेक्रेटरी संजय जगदाले की माने तो विराट कोहली के बाद भारतीय टेस्ट टीम की कमान रोहित शर्मा की जगह केएल राहुल को दी जानी चाहिए। राहुल 29 साल के हैं और अगर कप्तान बनते हैं, तो टीम इंडिया को लॉन्ग टर्म टेस्ट कप्तान मिल जाएगा। साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज 1-2 से गंवाने के बाद विराट कोहली ने टेस्ट कप्तानी छोड़ने का फैसला लिया, जिससे हर कोई हैरान रह गया। जबकि विराट टी20 की कप्तानी छोड़ने का एलान काफ़ी पहले कर चुके हैं। इसके बाद दक्षिण अफ्रीकी दौरे से पहले उन्हें वनडे कप्तानी के पद से हटा दिया गया था।

विराट भारत के सबसे सफल कप्तान हैं, उनकी कप्तानी में टीम इंडिया ने 68 टेस्ट खेले, जिसमें से 40 में जीत दर्ज की। विराट ने 2014 में महेंद्र सिंह धोनी के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास के बाद टीम की कप्तानी संभाली थी। ऐसे में अगले कप्तान के लिए जगदाले ने कहा, ‘मुझे लगता है कि भारतीय टेस्ट टीम का कप्तान ऐसे खिलाड़ी को बनाया जाना चाहिए, जो लंबे समय तक खेल सके। तो मेरे हिसाब से केएल राहुल को अगला टेस्ट कप्तान होना चाहिए।

ख़ैर बीसीसीआई ने अभी तक टेस्ट कप्तान की घोषणा नहीं की है। रोहित शर्मा को दक्षिण अफ्रीकी दौरे से पहले उप-कप्तान बनाया गया था, ऐसे में माना जा रहा है कि टेस्ट टीम की कप्तानी भी उनको ही सौंपी जाएगी। आपको बता दे रोहित पहले ही टी20 और वनडे टीम के कप्तान बनाए जा चुके हैं। रोहित चोट के चलते दक्षिण अफ्रीकी दौरे पर नहीं आए हैं और फ़िलहाल उनकी जगह वनडे टीम की कप्तानी केएल राहुल करेंगे।


Download Android App
Download iOS App



