नाटिंघम : भारतीय क्रिकेट टीम पर अपेक्षाओं का भारी बोझ है लेकिन आलराउंडर हार्दिक पंड्या ने यह कहकर उसे कम करने की कोशिश की कि ‘संभवत: केवल डेढ़ अरब लोग ही’ उनसे विश्व कप जीतने की उम्मीद लगाये हुए हैं। भारत के विश्व कप अभियान में पंड्या सबसे बड़े खिलाड़ी बनकर उभरे हैं। हार्दिक ने कहा कि किसी तरह का दबाव नहीं है क्योंकि केवल एक अरब 50 करोड़ लोग ही उम्मीद लगाये हुए हैं, इसलिए कोई दबाव नहीं है।
इस 25 वर्षीय खिलाड़ी ने कहा कि उनका एकमात्र लक्ष्य विश्व कप जीतना है। उन्होंने कहा कि मैं चाहता हूं कि 14 जुलाई को कप मेरे हाथ में हो। मैं बस इसी के बारे में सोच रहा हूं। यहां तक कि जब मैं इसके बारे में सोचता हूं तब भी मुझे अजीब सी खुशी मिलती है। मेरी योजना बहुत सरल है – विश्व कप जीतना। मैं इसकी उम्मीद कर रहा हूं और मैं खुद से ऐसी आस लगाये हुए हूं। हार्दिक ने कहा कि भारत की तरफ से खेलना मेरे लिये सब कुछ है। यह मेरी जिंदगी है।
मैं ऐसा व्यक्ति हूं जो इस खेल के प्रति प्यार और जुनून से क्रिकेट खेलता हूं। मुझे चुनौतियां पसंद हैं। पिछले साढ़े तीन साल से मैं इसकी तैयारियां कर रहा हूं और अब समय आ गया है। इस क्रिकेटर ने कहा कि अपने करियर के दौरान उन्हें जिन संघर्ष से गुजरना पड़ा उनसे उन्हें यह सीख मिली कि परिस्थिति कैसी भी हो हमेशा खुश रहना है।


Download Android App
Download iOS App



