मर्सिया : भारतीय महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्व कप की रजत पदक विजेता आयरलैंड को दूसरे और अंतिम दोस्ताना मैच में 3-0 से शिकस्त देकर चौंका दिया। स्पेन दौरे का समापन जीत से करने वाली भारतीय टीम ने शनिवार को आयरलैंड के खिलाफ पहले मैच को 1-1 से ड्रा खेला था।
मैच की शुरूआत से ही भारतीय आक्रमण के सामने आयरलैंड की खिलाड़ी दबाव में दिखी। नवजौत कौर ने 13वें मिनट में शानदार मैदानी गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। दूसरे क्वार्टर में आयरलैंड को पेनल्टी मिली लेकिन भारतीय रक्षापंक्ति ने उसे गोल में नहीं बदलने दिया।
मैच के 26वें मिनट में अनुभवी दीप ग्रेस एक्का की मदद से रीना खोखर ने गोल कर मध्यांतर से पहले भारत की बढ़त को दोगुना कर दिया। तीसरे क्वार्टर के पहले मिनट में भारतीय खिलाड़ियों के लचीले खेल से आयरलैंड को एक बार फिर पेनल्टी मिली लेकिन इस बार भी टीम सफलता से महरूम रही।
इस क्वार्टर में टीम कोई भी गोल नहीं कर सकी। अंतिम क्वार्टर में भारत को पेनल्टी मिली जिसे गुरजीत कौर ने गोल में बदल कर टीम को 3-0 से आगे कर दिया। गुरजीत भारत के इस दौरे पर सबसे ज्यादा गोल करने वाली खिलाड़ी है।


Download Android App
Download iOS App



