कुश्ती लीग में दूध का दूध हो जाएगा : राणा

Summary :

NULL

नई दिल्ली : भारतीय कुश्ती मे सुशील कुमार सबसे बड़ा नाम हैं और दो ओलंपिक पदक विजेता यह पहलवान इसलिए खबरों मे है क्योंकि तीन साल के बाद उसने किसी अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा का टिकट पाया है। दिल्ली के के डी जाधव स्टेडियम में उसने देश के अन्य पहलवानों को हरा कर कामनवेल्थ खेलों और एशियाड का टिकट पाया था। लेकिन क्वालीफाइंग टूर्नामेंट जीतने के बाद उसके अपने अखाड़े के पहलवान प्रवीण राणा ने सुशील के समर्थकों पर मार-पीट का आरोप लगाया। मामला पुलिस से होता हुआ प्रधानमंत्री की अदालत तक जा पहुंचा है।

राणा ने प्रधानमंत्री को बाक़ायदा पत्र लिख कर सुरक्षा की मांग की है। आज यहां वीर मराठा टीम द्वारा आयोजित कार्यक्रम के चलते प्रवीण राणा ने माना कि उसने पीएम को पत्र लिखा है क्योंकि उसके भाई नवीन को पीटा गया और खुद उसे डराया धमकाया जा रहा है। लेकिन उसने कहा कि 21 जनवरी को दिल्ली के विरुध होने वाले मुक़ाबले के लिए पूरी तरह तैयार है। हालांकि वह सुशील से दो बार हारा है पर इस बार बड़े मंच पर जीत दर्ज करना चाहता है। उसके अनुसार पीडब्ल्यूएल में दूध का दूध हो जाएगा। वीर मराठा पहली बार पीडब्ल्यूएल में उतर रही है जिसमें प्रवीण राणा के अलावा अमित धनकर, श्रवण, मारवा आमरी, ऋतु फोगाट, ऋतु मलिक जैसे नाम शामिल हैं। द्रोणाचार्य महावीर को टीम का सलाहकार बनाया गया है। प्रबंधन के अनुसार उनकी टीम पहली ही बार खिताब जीतने का लक्ष्य लेकर चल रही है।

देश की हर छोटी-बड़ी खबर जानने के लिए पढ़े पंजाब केसरी अख़बार

Desk Team