भारतीय टीम के ऑलराउंडर यूसुफ पठान ने क्रिकेट को कहा अलविदा, ये रिकॉर्ड है उनके नाम

Summary :

भारतीय क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर यूसुफ पठान ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का शुक्रवार यानी 26 फरवरी 2021 को संन्यास का ऐलान कर दिया है।

भारतीय क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर यूसुफ पठान ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का शुक्रवार यानी 26 फरवरी 2021 को संन्यास का ऐलान कर दिया है। संन्यास की धोषणा यूसुफ  ने सोशल मीडिया के जरिए एक वीडियो पोस्ट करके दी है। यूसुफ पिछले काफी सालों से टीम इंडिया से बाहर चल रहे थे और आईपीएल में भी किसी फ्रेंचाइजी ने उनको टीम में शामिल करने में दिलचस्पी नहीं दिखाई थी। युसूफ 2007 टी20 विश्व कप और 2011 वनडे विश्व कप की विजयी टीम का हिस्सा रहे थे।
युसूफ ने भारत के लिए 57 वनडे और 22 टी20 मुकाबले खेले हैं। युसूफ ने वनडे में 810 रन तथा टी20 में 236 रन बनाए। वनडे में उनका सर्वाधिक स्कोर 123 रन का है जो उन्होंने 2010 में बेंगलुरु में बनाए थे। युसूफ स्पिन गेंदबाज हैं और उन्होंने अपने करियर में वनडे में 33 विकेट और टी20 में 13 विकेट लिए। 
युसूफ ने 24 सितंबर 2007 को पाकिस्तान के खिलाफ टी20 में पदार्पण किया था। इसके अलावा वनडे में उन्होंने 10 जून 2008 को पाकिस्तान के खिलाफ पदार्पण किया। टीम इंडिया के लिए युसूफ ने अपना आखिरी वनडे पाकिस्तान के खिलाफ 2012 में खेला था। 
38 वर्षीय ऑलराउंडर ने ट्वीट कर लिखा,आज अपनी जिंदगी की इस पारी को खत्म करने का समय आ गया है। मैं खेल के सभी प्रारूपों से आधिकारिक रूप से संन्यास की घोषणा करता हूं। मैं अपने परिवार, दोस्तों, प्रशंसकों, टीमों, कोचों और पूरे देश का सहयोग और प्यार करने के लिये तहेदिल से शुक्रिया करता हूं। मुझे अब भी वह दिन याद है जब मैंने पहली बार भारतीय टीम की जर्सी पहनी थी। मैंने उस दिन सिर्फ जर्सी ही नहीं पहनी थी, बल्कि अपने परिवार, कोच, दोस्तों, पूरे देश और अपनी खुद की उम्मीदें अपने कंधों पर ली थीं।

उन्होंने कहा,भारत के लिये दो विश्व कप जीतना और सचिन तेंदुलकर को अपने कंधों पर उठाना मेरे करियर के सर्वश्रेष्ठ पलों में से कुछ हैं। मैंने एम एस धोनी की कप्तानी में अपना अंतरराष्ट्रीय, शेन वार्न के नेतृत्व में आईपीएल और जैकब मार्टिन की कप्तानी में रणजी पर्दापण किया। मुझ पर भरोसा करने के लिये उनका आभार व्यक्त करना चाहूंगा ।
बता दें आईपीएल में यूसुफ राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स टीम का हिस्सा रहे और उनके टीम में शामिल रहने के दौरान दोनों टीमों ने आईपीएल का खिताब जीता। यूसुफ ने आईपीएल के 174 मैचों में 3204 रन बनाए तथा 42 विकेट लिए। 

Desk Team