गौतम अदाणी ने अजित पवार के निधन पर जताया गहरा दुख

Summary :

नई दिल्ली, 28 जनवरी (आईएएनएस)। अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी ने बुधवार को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। महाराष्ट्र की राजनीति में ‘दादा’ के तौर जाने गए अजित पवार का बुधवार को बारामती में एक विमान हादसे में निधन हो गया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी ने कहा कि वे एक महीने पहले ही बारामती में अजित पवार से मिले थे। उन्होंने देश और राज्य के विकास के प्रति अजित पवार की प्रतिबद्धता को याद किया। गौतम अदाणी ने लिखा, “महाराष्ट्र के…

नई दिल्ली, 28 जनवरी (आईएएनएस)। अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी ने बुधवार को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। महाराष्ट्र की राजनीति में ‘दादा’ के तौर जाने गए अजित पवार का बुधवार को बारामती में एक विमान हादसे में निधन हो गया।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी ने कहा कि वे एक महीने पहले ही बारामती में अजित पवार से मिले थे। उन्होंने देश और राज्य के विकास के प्रति अजित पवार की प्रतिबद्धता को याद किया।

गौतम अदाणी ने लिखा, “महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन से बेहद दुखी हूं। एक महीने पहले ही हम बारामती में शरद पवार सेंटर ऑफ एक्सीलेंस इन एआई के उद्घाटन के अवसर पर साथ खड़े थे। यह पल अजित जी की सोच, प्रगति में विश्वास और भारत के युवाओं व उनके भविष्य के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दिखाता था।”

उन्होंने आगे लिखा, “आइए हम उनके दिखाए रास्ते पर चलते हुए भविष्य के लिए तैयार महाराष्ट्र बनाने का काम जारी रखें। उनकी आत्मा को शांति मिले।”

बुधवार सुबह 8.45 बजे बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान उनका चार्टर्ड प्लेन क्रैश हो गया। हादसे में अजित पवार के सुरक्षाकर्मी, दो पायलट और एक महिला क्रू मेंबर समेत 5 लोगों की जान चली गई। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने इन मौतों की पुष्टि की है।

जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों के बीच अजित पवार मुंबई से बारामती एक जनसभा में शामिल होने जा रहे थे। उसी दौरान यह हादसा हुआ।

यह विमान हादसा बारामती में उतरते समय हुआ। मौके से सामने आए दृश्यों में आग और धुआं, विमान के क्षत-विक्षत हिस्से, और घायलों को अस्पताल ले जाती एंबुलेंस दिखाई दीं। वहां मौजूद लोग हर संभव तरीके से मदद करने की कोशिश कर रहे थे।

बारामती में हादसे के बाद आपातकालीन सेवाएं और वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। विमान के लैंडिंग के दौरान नियंत्रण खो देने के बाद रेस्क्यू टीम को तुरंत तैनात किया गया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अजित पवार के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने अजित पवार को “जनता का नेता, जिसकी जमीनी स्तर पर मजबूत पकड़ थी” बताया।

पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, “प्रशासनिक मामलों की उनकी समझ और गरीब व कमजोर लोगों को सशक्त बनाने का उनका जुनून सराहनीय था। उनका असमय निधन बेहद दुखद और चौंकाने वाला है। उनके परिवार और असंख्य चाहने वालों के प्रति मेरी संवेदनाएं।”

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने भी महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री के निधन पर गहरा शोक जताया।

उन्होंने एक्स पर लिखा, “अजित पवार का असमय निधन एक अपूरणीय क्षति है। महाराष्ट्र के विकास में, खासकर सहकारिता क्षेत्र में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।”

–आईएएनएस

डीबीपी/एएस

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.