सैमसंग के आगामी गैलेक्सी स्मार्टफोन में मिलेगा नया प्राइवेसी फीचर

Summary :

सोल, 28 जनवरी (आईएएनएस)। सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स ने बुधवार को बताया कि उसका आने वाला गैलेक्सी स्मार्टफोन एक खास इनबिल्ट प्राइवेसी फीचर के साथ आएगा। इस फीचर की मदद से यूजर्स अपनी स्क्रीन पर दिखने वाली जानकारी को दूसरों की नजर से सुरक्षित रख सकेंगे। इसके लिए फोन पर अलग से कोई फिल्म या परत लगाने की जरूरत नहीं होगी। दक्षिण कोरियाई टेक दिग्गज ने कहा कि यह नया फीचर यूजर को डिस्प्ले की दिखने की क्षमता को अपने हिसाब से बदलने की सुविधा देगा, जिससे कंधे के ऊपर से झांककर देखने (शोल्डर सर्फिंग) की समस्या से बचा जा सकेगा। कंपनी…

सोल, 28 जनवरी (आईएएनएस)। सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स ने बुधवार को बताया कि उसका आने वाला गैलेक्सी स्मार्टफोन एक खास इनबिल्ट प्राइवेसी फीचर के साथ आएगा। इस फीचर की मदद से यूजर्स अपनी स्क्रीन पर दिखने वाली जानकारी को दूसरों की नजर से सुरक्षित रख सकेंगे। इसके लिए फोन पर अलग से कोई फिल्म या परत लगाने की जरूरत नहीं होगी।

दक्षिण कोरियाई टेक दिग्गज ने कहा कि यह नया फीचर यूजर को डिस्प्ले की दिखने की क्षमता को अपने हिसाब से बदलने की सुविधा देगा, जिससे कंधे के ऊपर से झांककर देखने (शोल्डर सर्फिंग) की समस्या से बचा जा सकेगा। कंपनी ने बताया कि यह फीचर जल्द ही गैलेक्सी फोन में आने वाला है।

योनहाप न्यूज एजेंसी के अनुसार, सैमसंग फरवरी में गैलेक्सी एस26 स्मार्टफोन के लिए एक खास लॉन्च इवेंट आयोजित करने जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, यह नया प्राइवेसी फीचर गैलेक्सी एस26 अल्ट्रा मॉडल में उपलब्ध होने की उम्मीद है।

कंपनी ने एक विज्ञप्ति में कहा कि इस फीचर में डिस्प्ले की दृश्यता को बदलने के कई विकल्प होंगे, जिससे यूजर अपनी जरूरत के अनुसार यह तय कर सकेगा कि दूसरे लोग स्क्रीन पर कितना देख सकें।

सैमसंग ने यह भी कहा कि यूजर इस फीचर को अलग-अलग ऐप्स के हिसाब से भी सेट कर सकेंगे।

कंपनी के अनुसार, इस फीचर को तैयार करने में पांच साल से ज्यादा समय लगा है। इसमें इंजीनियरिंग, टेस्टिंग और लगातार सुधार किए गए। कंपनी ने बताया कि उसने यह समझने की कोशिश की कि लोग फोन कैसे इस्तेमाल करते हैं, वे किस जानकारी को निजी मानते हैं और रोजमर्रा की जिंदगी में सुरक्षा कैसी होनी चाहिए।

इसी बीच, सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स ने गैलेक्सी जेड फ्लिप 7 ओलंपिक एडिशन भी पेश किया है, जिसमें ऐसे फीचर्स दिए गए हैं, जो आने वाले विंटर ओलंपिक खेलों में खिलाड़ियों के अनुभव को बेहतर बनाएंगे।

यह फोन इटली में होने वाले मिलान-कोर्टिना विंटर ओलंपिक और पैरालंपिक में भाग लेने वाले 90 देशों के करीब 3,800 खिलाड़ियों को दिया जाएगा। ये खेल 6 फरवरी से शुरू होंगे।

कंपनी ने बताया कि गैलेक्सी जेड फ्लिप का यह नया एडिशन इटली के नीले रंग और ओलंपिक खेलों की एकता व खेल भावना से प्रेरित डिजाइन के साथ आता है।

सैमसंग के अनुसार, फोन का गोल्डन कलर का मेटल फ्रेम खिलाड़ियों की जीत की चाह और मंच पर पहुंचने के सपने का प्रतीक है, साथ ही यह ब्रांड की सर्वश्रेष्ठ बनने की सोच को भी दर्शाता है।

कंपनी ने कहा कि खिलाड़ी इस फोन के कई आधुनिक फीचर्स का इस्तेमाल कर सकेंगे, जैसे अनुवाद ऐप और गैलेक्सी एथलीट कार्ड, ताकि वे आसानी से अपनी जानकारी एक-दूसरे से साझा कर सकें।

इसके अलावा, सैमसंग इस स्मार्टफोन के साथ एक ‘विक्ट्री सेल्फी’ इवेंट भी चलाएगा, जिसके तहत पदक जीतने वाले खिलाड़ी मंच पर ही सेल्फी लेंगे।

सैमसंग ने यह भी बताया कि पेशेवर फोटोग्राफर इस इवेंट के दौरान गैलेक्सी एस25 अल्ट्रा स्मार्टफोन का इस्तेमाल करेंगे। इनसे उन करीब 490 खिलाड़ियों की तस्वीरें ली जाएंगी, जिन्होंने इसके लिए अपनी सहमति दी है।

–आईएएनएस

डीबीपी/एएस

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.