Nigeria: उत्तर-पश्चिमी नाइजीरिया में हथियारबंद लोगों ने शनिवार तड़के एक छात्रावास से 15 बच्चों को अगवा कर लिया। घटना के वक्त बच्चे छात्रावास में सो रहे थे। पुलिस ने यह जानकारी दी। इससे 48 घंटे पहले ही बंदूकधारियों नें कम से कम 300 बच्चों को एक स्कूल से अगवा किया था। नाइजीरिया के उत्तरी क्षेत्र में स्कूल से बच्चों को अगवा करने की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। वर्ष 2014 में बोर्नो राज्य के चिबोक गांव से इस्लामी चरमपंथियों ने 200 से अधिक स्कूली छात्राओं का अपहरण किया था और इस घटना ने पूरी दुनिया को सकते में डाल दिया था।
- शनिवार तड़के एक छात्रावास से 15 बच्चों को अगवा किया गया
- घटना के वक्त बच्चे छात्रावास में सो रहे थे
- इससे 48 घंटे पहले ही बंदूकधारियों नें 300 बच्चों को अगवा किया था
- वर्ष 2014 में 200 से अधिक स्कूली छात्राओं का अपहरण किया था
फिरौती के लिए स्कूली छात्र हो रहे अगवा
सशस्त्र गिरोह फिरौती के लिए स्कूली छात्रों को लगातार निशाना बना रहे हैं और अनेक घटनाओं में अब तक कम से कम 1,400 बच्चों को अगवा किया जा चुका है। सोकोतो पुलिस के प्रवक्ता अहमद रूफाई ने ‘एसोसिएटेड प्रेस’ को बताया कि बंदूकधारियों ने स्थानीय समयानुसार देर रात करीब एक बजे सोकोतो राज्य के गिदान बाकुसो गांव पर हमला किया और फिर वे एक इस्लामिक स्कूल गए तथा वहां से उन्होंने बच्चों को अगवा किया।
पुलिस की तलाश जारी
उन्होंने बताया कि बंदूकधारियों ने गांव से एक महिला का भी अपहरण किया है। पुलिस अगवा किए गए लोगों की तलाश कर रही है। अभी किसी समूह में इस घटना की जिम्मेदारी नहीं ली है। नाइजीरिया के उपराष्ट्रपति कासिम शेट्टीमा ने शनिवार को कदूना राज्य में अधिकारियों और अपहृत छात्रों के कुछ अभिभावकों से मुलाकात की और उन्हें बच्चों को सुरक्षित वापस लाने का भरोसा दिलाया।


Download Android App
Download iOS App




