सहारनपुर ट्रेड फेयर में लगी भीषण आग, 30 से अधिक दुकानें खाक, करोड़ों का हुआ नुकसान

Summary :

सहारनपुर ट्रेड फेयर में लगी भीषण आग

शनिवार की सुबह करीब सात बजे के आसपास, जब अधिकतर दुकानदार सो रहे थे या बकरीद की नमाज अदा करने गए थे, तभी अचानक मेला परिसर में धुएं के गुबार उठने लगे. देखते ही देखते आग की लपटों ने विकराल रूप ले लिया और पूरे पंडाल को अपनी चपेट में ले लिया.

Saharanpur: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में शनिवार (7 जून) सुबह एक बड़े हादसे की खबर सामने आई है. दरअसल, दिल्ली रोड स्थित साउथ सिटी मैदान में लगे ट्रेड फेयर में भीषण आग लगने भारी नुकसान हो गया है. यह मेला पिछले एक महीने से चल रहा था और स्थानीय लोगों के लिए मनोरंजन और खरीदारी का प्रमुख केंद्र बन गया था. हर दिन हजारों की संख्या में लोग मेला घूमने और झूलों का आनंद लेने के लिए पहुंच रहे थे.

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार की सुबह करीब सात बजे के आसपास, जब अधिकतर दुकानदार सो रहे थे या बकरीद की नमाज अदा करने गए थे, तभी अचानक मेला परिसर में धुएं के गुबार उठने लगे. देखते ही देखते आग की लपटों ने विकराल रूप ले लिया और पूरे पंडाल को अपनी चपेट में ले लिया. आग इतनी तेजी से फैली कि मौके पर मौजूद किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला.

30 से ज्यादा दुकानें स्वाहा

घटना में मेले में लगी करीब 30 से अधिक दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गईं. इन दुकानों में प्लास्टिक और कपड़े से बने पंडाल तथा प्लास्टिक का सामान रखा हुआ था, जिससे आग ने तेजी से फैली. शुरुआती अनुमान के मुताबिक इस अग्निकांड में करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ है. हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना के समय मेला बंद था, जिससे किसी की जान नहीं गई.

बड़ी अनहोनी टली

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. फायर स्टेशन ऑफिसर (FSO) प्रताप सिंह ने बताया कि आग बुझाने में काफी दिक्कतें आईं क्योंकि दुकानें प्लास्टिक सामग्री से भरी हुई थीं, जो आग को और भड़काती हैं.

Saharanpur

शॉर्ट सर्किट से लगी आग!

प्रशासन द्वारा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हादसा शॉर्ट सर्किट की वजह से हुआ. संबंधित अधिकारियों की टीम घटनास्थल की जांच कर रही है ताकि वास्तविक कारण का पता चल सके.

बिना परिवार की सहमति अब नहीं हो सकेगी गुपचुप शादी, इलाहाबाद HC ने जारी किए दिशा-निर्देश

बकरीद की भीड़ से पहले हुआ हादसा

शनिवार को बकरीद के मौके पर मेले में भारी भीड़ की संभावना थी. यदि यह हादसा कुछ घंटे बाद होता, तो जानमाल की भारी क्षति हो सकती थी. गनीमत रही कि हादसे के समय मेला बंद था और ज्यादातर लोग वहां मौजूद नहीं थे.

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।