Afghanistan Accident: प्रांतीय पुलिस प्रवक्ता एहसानुल्लाह कामगार ने बताया कि उत्तरी अफगानिस्तान के बदख्शान प्रांत में हुई एक सड़क दुर्घटना में सात यात्रियों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। यह भीषण हादसा पर्वतीय दारवाज क्षेत्र के मैमाय जिले में हुई है। घायल लोगों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया और उनका उपचार जारी है। बता दें कि दुर्घटना के कारण का अभी पता नहीं चला है। माना जा रहा है नियंत्रण खोने के बाद ही वाहन दुर्घटनाग्रस्त हुआ है और हादसे में चकनाचूर हो गया है।
Afghanistan Accident

पिछले सप्ताह, अफगानिस्तान के बघलान प्रांत के सलंग इलाके में एक बस पलटने से कम से कम पांच लोग मारे गए और 44 अन्य घायल हो गए। अफगानिस्तान के लोक निर्माण मंत्रालय (एमओपीडब्ल्यू) के प्रवक्ता मोहम्मद अशरफ हकशेनस ने बताया कि लापरवाही से वाहन चलाने के कारण एक यात्री बस सड़क से उतरकर पलट गई, जिससे पांच लोगों की मौत हो गई और 44 अन्य घायल हो गए।
उन्होंने बताया कि घायलों को इलाज के लिए खानजान जिला स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया है। मंत्रालय ने मार्ग पर यात्रा करने वाले लोगों से अधिकारियों द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करने और यातायात नियमों का अनुपालन करने का आग्रह किया। अधिकारियों ने बताया कि सलंग राजमार्ग पर कई स्थानों पर बर्फ हटाने का काम चल रहा है।
Road Accident In Afghanistan

15 दिसंबर को स्थानीय पुलिस ने बताया कि अफगानिस्तान में पिछले 24 घंटों में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में कम से कम तीन लोग मारे गए और 16 अन्य घायल हो गए। पूर्वी गजनी प्रांत में काबुल-कंधार राजमार्ग पर दो वाहनों की आमने-सामने की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई और दो महिलाएं घायल हो गईं। उत्तरी जौजजान प्रांत में, अलग-अलग सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 14 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने इन दुर्घटनाओं का मुख्य कारण लापरवाही से वाहन चलाना बताया है, जिससे अफगानिस्तान में भीड़भाड़ वाली और खराब रखरखाव वाली सड़कों से उत्पन्न खतरों पर प्रकाश डाला गया है।


Download Android App
Download iOS App




