अखिलेश यादव को भाजपा का फोबिया हो गया है: केशव मौर्य

Summary :

अखिलेश यादव को अच्छे डॉक्टर से इलाज कराना चाहिए: केशव मौर्य

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने शनिवार को इटावा में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि अखिलेश यादव को भाजपा का फोबिया हो गया है। वह 2027 का सत्ताधीश बनने के लिए पोस्टर लगवा रहे हैं। इसी इटावा की धरती पर कहकर जा रहा हूं कि 2027 तो छोड़िए, 2047 तक मुलायम सिंह यादव की सल्तनत का कोई भी व्यक्ति यूपी का मुख्यमंत्री नहीं बन सकता है।

उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख महाकुंभ के बजट पर अनर्गल प्रलाप की जगह उत्तर प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का सही तरह से आकलन करें। उन्हें दृष्टि और मानसिक दोष है। उससे छुटकारा पाने के लिए अच्छे डॉक्टर से दवा लें। महाकुंभ का आयोजन बहुत शानदार तरीके से हो रहा है। बीच में एक दुर्घटना जरूर हुईl उसका हम सबको दुख है। सपा मुखिया हर समय अनहोनी की कल्पना करते रहे। उन्हें कोई मुद्दा मिल जाए। इस बार महाकुंभ में देश-प्रदेश से ही नहीं, बल्कि दुनिया से लोग आ रहे हैं। आस्था की डुबकी लगाने के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब आ रहा है।

उन्होंने कहा कि यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद होने के नाते अखिलेश यादव वीआईपी ढंग से डुबकी लगा आए। वह हर दिन कोई न कोई जहरीला बयान देते हैं, जिससे माहौल खराब हो जाए। यूपी की जनता और साधु-संतों को धन्यवाद देता हूं, जिनके कारण महाकुंभ की सफलता की चारों तरफ गाथा गाई जा रही है। 2025 महाकुंभ के साथ हम लोग 2031 में होने वाले अर्ध कुंभ की तैयारी शुरू कर चुके हैं।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव सत्ता की मलाई बहुत खा चुके हैं। अभी आगे आने वाले समय में इनका भविष्य नहीं है। जो हमने कहा था, उससे अच्छा करने का प्रयास किया। भीड़ की वजह से थोड़ी बहुत तो परेशानी हुई है। लेकिन, अभी भी महाकुंभ में जाने वालों का तांता लगा हुआ है। महाकुंभ से लगभग तीन लाख करोड़ की अर्थव्यवस्था का उछाल आया है। ऐसा आकलन अर्थशास्त्रियों का है।

उन्होंने आगे कहा कि अखिलेश यादव के बयान पर इटावा वाले हंसते थे, क्योंकि जब उनकी सरकार थी तो थाना पुलिस नहीं चलाती थी, बल्कि सपा के गुंडे-माफिया और दंगाई चलाते थे। आज थाने को थानेदार चलाता है, जिले को एसपी चलाता है। प्रदेश को सरकार चलाती है। लेकिन, सपा की सरकार के समय सैफई पूरे प्रदेश में गुंडागर्दी करवाता था। सपा के कार्यकाल को देखने पर सब कुछ साफ हो जाएगा। हम 2014, 2017, 2019 और 2024 भी जीते। उनका नंबर 2047 के बाद आएगा।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.