इजराइल ने हटाई रोक, 40 दिन बाद खुले अल-अक्सा मस्जिद के दरवाजे, 3000 फिलिस्तीनी मुस्लिमों ने पढ़ी नमाज

Summary :

Al-Aqsa Mosque Reopening: अमेरिका और ईरान के बीच हाल ही में हुए सीजफायर के बाद एक अहम घटनाक्रम सामने आया है। इजराइल ने करीब 40 दिनों तक बंद रखने के बाद इजराइल के कब्जे वाले यरुशलम स्थित अल-अक्सा मस्जिद को फिलिस्तीनी मुस्लिम नमाजियों के लिए फिर से खोल दिया है। यह मस्जिद इस्लाम धर्म के सबसे पवित्र स्थलों में से एक मानी जाती है, इसलिए इसके खुलने से स्थानीय लोगों में राहत और खुशी देखी गई। Al-Aqsa Mosque Reopening: 40 दिनों बाद खुला अल-अक्सा परिसर संघर्ष के दौरान इजराइल ने अल-अक्सा परिसर में नमाज पढ़ने पर रोक लगा दी थी।…

Al-Aqsa Mosque Reopening: अमेरिका और ईरान के बीच हाल ही में हुए सीजफायर के बाद एक अहम घटनाक्रम सामने आया है। इजराइल ने करीब 40 दिनों तक बंद रखने के बाद इजराइल के कब्जे वाले यरुशलम स्थित अल-अक्सा मस्जिद को फिलिस्तीनी मुस्लिम नमाजियों के लिए फिर से खोल दिया है। यह मस्जिद इस्लाम धर्म के सबसे पवित्र स्थलों में से एक मानी जाती है, इसलिए इसके खुलने से स्थानीय लोगों में राहत और खुशी देखी गई।

Al-Aqsa Mosque Reopening: 40 दिनों बाद खुला अल-अक्सा परिसर

संघर्ष के दौरान इजराइल ने अल-अक्सा परिसर में नमाज पढ़ने पर रोक लगा दी थी। यह पाबंदी लगभग 40 दिनों तक जारी रही। अब हालात कुछ शांत होने के बाद मस्जिद को दोबारा खोलने का फैसला लिया गया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, गुरुवार सुबह बड़ी संख्या में फिलिस्तीनी यहां पहुंचे और नमाज अदा की। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुबह की नमाज में करीब 3000 लोग शामिल हुए।

जंग के दौरान लगाई गई थीं सख्त पाबंदियां

28 फरवरी को अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ने के बाद हालात और गंभीर हो गए थे। इस दौरान इजराइल ने अल-अक्सा कंपाउंड में ईसाई और मुस्लिम जगहों पर एंट्री पूरी तरह से रोक लगा दी थी या या केवल सीमित लोगों को ही अनुमति दी जा रही थी। यह पहली बार नहीं है जब इस तरह की पाबंदियां लगाई गई हों, इससे पहले भी सुरक्षा कारणों का हवाला देकर फिलिस्तीनियों की एंट्री रोकी जाती रही है।

यरुशलम में इस्लामिक वक्फ विभाग, जो मस्जिद के प्रबंधन की जिम्मेदारी संभालता है, उसने पुष्टि की कि अब अल-अक्सा के दरवाजे सभी नमाजियों के लिए खोल दिए गए हैं। इस प्रबंधन से जुड़ी जॉर्डन की धार्मिक संस्था ने हालांकि इस फैसले पर ज्यादा विस्तृत जानकारी साझा नहीं की।

Al-Aqsa Mosque: फिर से लौटी मस्जिद में रौनक

मस्जिद के खुलने से पहले वहां साफ-सफाई और तैयारियों का काम किया गया। कई वीडियो में वॉलंटियर और कर्मचारी मस्जिद परिसर को व्यवस्थित करते और नमाजियों के स्वागत की तैयारी करते नजर आए। इसके अलावा, इजराइली अधिकारियों ने चर्च ऑफ द होली सेपुलचर को भी खोलने की घोषणा की, जो ईसाइयों के लिए एक प्रमुख धार्मिक स्थल है।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

इजराइली पुलिस ने बताया कि पवित्र स्थलों को खोलने का फैसला सुरक्षा एजेंसियों से मिले नए निर्देशों के आधार पर लिया गया है। पुराने यरुशलम शहर और धार्मिक स्थलों के आसपास भारी संख्या में पुलिस और बॉर्डर गार्ड्स तैनात किए गए हैं ताकि आने-जाने वालों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

जहां एक तरफ यरुशलम में हालात कुछ सामान्य होते दिख रहे हैं, वहीं वेस्ट बैंक में तनाव अभी भी बना हुआ है। खबरों के अनुसार, इजराइली सेना ने नबलुस में छापेमारी के दौरान एक महिला को हिरासत में लिया और एक व्यक्ति के साथ मारपीट की। इसके अलावा, रामल्लाह के पास एक फिलिस्तीनी व्यक्ति की गोली लगने से मौत की भी खबर है।

यह भी पढ़ें: वर्ल्ड बैंक ने बांग्लादेश में महंगाई बढ़ने और सीमित राजकोषीय संसाधनों की दी चेतावनी

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।