America Taiwan Trade Deal: अमेरिका और ताइवान के बीच गुरुवार को एक अहम व्यापार समझौता तय हुआ है। इस समझौते का मकसद दोनों देशों के आर्थिक संबंधों को मजबूत करना है। इसके तहत अमेरिका, ताइवान से आयात होने वाले कई उत्पादों पर लगाए गए टैरिफ (शुल्क) में कटौती करेगा। बदले में ताइवान, अमेरिका की टेक्नोलॉजी इंडस्ट्री में 250 अरब डॉलर का बड़ा निवेश करेगा। इससे पहले अमेरिका यूरोपीय संघ और जापान के साथ भी इसी तरह के समझौते कर चुका है। दोनों देशों के बीच हुई इस डील से चीन गुस्से से लाल हो उठा है।
US Tariff Cut: टैरिफ में बड़ी राहत
पिछले साल अप्रैल में तत्कालीन अमेरिकी प्रशासन ने अमेरिका–ताइवान व्यापार में असंतुलन का हवाला देते हुए ताइवान से आने वाले सामान पर 32 प्रतिशत टैरिफ लगा दिया था। बाद में इसे घटाकर 20 प्रतिशत कर दिया गया। अब नए समझौते के बाद यह टैरिफ और कम होकर 15 प्रतिशत रह जाएगा। यह वही दर है, जो अमेरिका ने जापान और दक्षिण कोरिया जैसे देशों पर लागू की है। टैरिफ में इस कटौती से ताइवान के निर्यातकों को बड़ी राहत मिलेगी।

US Taiwan Trade Agreement: अमेरिका में बढ़ेगा घरेलू उत्पादन
अमेरिकी वाणिज्य विभाग ने इस समझौते को आर्थिक साझेदारी की दिशा में बड़ा कदम बताया है। विभाग के अनुसार, इस डील के तहत अमेरिका में नए इंडस्ट्रियल पार्क बनाए जाएंगे। इससे घरेलू उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। अमेरिका ने यह भी कहा कि यह समझौता ऐतिहासिक है और इससे देश के सेमीकंडक्टर सेक्टर को खास फायदा होगा।
World News Today: सेमीकंडक्टर और टेक्नोलॉजी पर फोकस
यह व्यापार समझौता खासतौर पर सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और ऊर्जा जैसे क्षेत्रों पर केंद्रित है। अमेरिका को उम्मीद है कि ताइवान के निवेश से उसकी टेक्नोलॉजी सप्लाई चेन मजबूत होगी और रणनीतिक रूप से अहम सेमीकंडक्टर उद्योग में आत्मनिर्भरता बढ़ेगी।

Taiwan investment: ताइवान का बयान और निवेश योजना
ताइवान सरकार ने भी इस समझौते का स्वागत किया है। ताइवान के अनुसार, इस डील से उसका तकनीकी मॉडल अमेरिका में विस्तारित होगा, जिससे ताइवान की टेक इंडस्ट्री की वैश्विक प्रतिस्पर्धा और मजबूत होगी। साथ ही दोनों देशों के बीच रणनीतिक संबंध और सहयोग भी नए स्तर पर पहुंचेंगे।
समझौते के तहत ताइवान, अमेरिका की सेमीकंडक्टर, AI और ऊर्जा कंपनियों में करीब 250 अरब डॉलर का निवेश करेगा। इसके अलावा ताइवान से आने वाली जेनेरिक दवाइयों, विमान उपकरणों जैसे कुछ उत्पादों को टैरिफ से विशेष छूट दी जाएगी। जो ताइवानी सेमीकंडक्टर कंपनियां अमेरिका में निवेश करेंगी, उन्हें भी अतिरिक्त राहत और सुविधाएं मिलेंगी।
America Taiwan Trade Deal: चीन की कड़ी प्रतिक्रिया
इस व्यापार समझौते पर चीन ने कड़ी आपत्ति जताई है। चीन की सरकार ने अमेरिका और ताइवान के बीच हुए इस समझौते की आलोचना करते हुए इसे क्षेत्रीय स्थिरता के खिलाफ बताया है। हालांकि अमेरिका और ताइवान ने साफ किया है कि यह समझौता पूरी तरह आर्थिक सहयोग पर आधारित है। कुल मिलाकर, यह डील अमेरिका और ताइवान के बीच व्यापारिक रिश्तों को नई मजबूती देगी और वैश्विक टेक्नोलॉजी बाजार पर भी इसका असर देखने को मिल सकता है।
यह भी पढ़ें: यूनुस सरकार में अत्याचार, जिहादियों ने हिंदू शिक्षक का घर फूंका; परिवार को जिंदा जलाने की कोशिश; Video Viral


Download Android App
Download iOS App




