कोलकाता : आगामी 19 मई को लोकसभा चुनावों के अंतिम चरण के मतदान से पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने मंगलवार को अपनी पार्टी के उम्मीदवारों के समर्थन में कोलकाता में रोड शो किया। रोड शो शाम 4:30 बजे मध्य कोलकाता के एस्प्लेनेड इलाके से शुरू हुआ और उत्तरी कोलकाता में स्वामी विवेकानंद भवन पर जाकर खत्म हुआ।
शाह उत्तरी कोलकाता से भाजपा उम्मीदवार राहुल सिन्हा और दक्षिणी कोलकाता से पार्टी उम्मीदवार चंद्र कुमार बोस के साथ एक सुसज्जित ट्रक पर खड़े होकर सड़क के दोनों तरफ मौजूद लोगों की भीड़ का अभिवादन कर रहे थे। भाजपा अध्यक्ष के काफिले के आगे राज्य और देश के विभिन्न हिस्सों की संस्कृतियों को प्रदर्शित करती झांकी चल रही थी।
भाजपा के झंडे लहराते हुए पार्टी के समर्थकों को ‘जय श्री राम’, ‘नरेंद्र मोदी जिंदाबाद’ और ‘अमित शाह जिंदाबाद’ के नारे लगाते सुना गया। रोड शो में भगवान राम और हनुमान की तरह सजे-धजे लोग भी देखे गए।


Download Android App
Download iOS App



