Ashiwini Kumar Chopra Death Anniversary: पंजाब केसरी के निर्भीक, कर्मठ और जनसेवा के प्रति समर्पित प्रबंध संपादक स्वर्गीय अश्वनी कुमार मिन्ना जी की पुण्यतिथि पर पंजाब केसरी सुल्तानपुर टीम ने श्रद्धा, सेवा और संकल्प के साथ उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस प्रेरणादायी कार्यक्रम का नेतृत्व पंजाब केसरी सुल्तानपुर के जिला संवाददाता नीरज तिवारी ने किया, जिनकी अगुवाई में जेसीआई के जिलाध्यक्ष रामानंद मिश्र, कृतेश सेन सहित पूरे स्टॉफ ने समाजसेवा की एक अनुकरणीय मिसाल पेश की।
बच्चों को शैक्षिक सामग्री वितरित की

शहर स्थित बनवासी आश्रम में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान जिला संवाददाता नीरज तिवारी के मार्गदर्शन में आश्रम में रह रहे बच्चों और बुजुर्गों के बीच फल वितरित किए गए। साथ ही बच्चों की शिक्षा को संबल देने के उद्देश्य से कॉपी, पेंसिल व अन्य शैक्षिक सामग्री प्रदान की गई। बच्चों के चेहरों पर मुस्कान और बुजुर्गों के आशीर्वाद ने कार्यक्रम को भावनात्मक ऊंचाई दी। इस अवसर पर क्षेत्र के दर्जनों संभ्रांत नागरिक, समाजसेवी, पत्रकार और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने अश्वनी कुमार मिन्ना जी के जीवन, उनकी निर्भीक पत्रकारिता और समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को याद करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
‘मिन्ना जी केवल संपादक नहीं, बल्कि पत्रकारिता के पथ प्रदर्शक थे’

कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ पत्रकार एवं जिला संरक्षक इंद्र नारायण तिवारी ने कहा कि अश्वनी कुमार मिन्ना जी केवल एक संपादक नहीं, बल्कि पत्रकारिता के पथ प्रदर्शक थे। उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए पंजाब केसरी सुल्तानपुर टीम सदैव जनहित, सत्य और सेवा के लिए प्रतिबद्ध रहेगी। इस मौके पर शुभम बरनवाल, डॉ दिनकर सिंह, श्रुति मिश्रा, वी.पी पांडेय, सुधांशु, मनोज, रोहित, श्रवण कुमान अमित सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।
कादीपुर में पुण्यतिथि पर गरिमामय सभा आयोजित

वहीं दूसरी ओर कादीपुर तहसील में पंजाब केसरी के तहसील संवाददाता अनुराग त्रिपाठी द्वारा भी पुण्यतिथि के अवसर पर एक गरिमामय सभा का आयोजन किया गया। सभा में वक्ताओं ने अश्वनी कुमार मिन्ना जी के संघर्षपूर्ण जीवन, पत्रकारिता मूल्यों और सामाजिक सरोकारों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया।


Download Android App
Download iOS App




