Ayodhya: राज्यपाल ने RML अवध विश्वविद्यालय का किया निरीक्षण

Summary :

राज्यपाल ने विद्यार्थियों को संघर्ष और मेहनत की प्रेरणा दी

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने शुक्रवार को डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, अयोध्या का भ्रमण कर वहां चल रही विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं और शैक्षणिक गतिविधियों का निरीक्षण किया।

उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों का वातावरण विद्यार्थियों के मानसिक एवं बौद्धिक विकास में सहायक होना चाहिए। राज्यपाल ने विश्वविद्यालय में प्रयोगशाला, नवीन परिसर, निर्माणाधीन इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी भवन, सरदार पटेल एकात्मता केंद्र, मल्टीपर्पस लेक्चर हॉल परिसर (प्रथम तल), निर्माणाधीन कुलपति आवास, कुलसचिव, परीक्षा नियंत्रक एवं वित्त अधिकारी आवास एवं अन्य महत्वपूर्ण कार्यों का निरीक्षण किया।

उन्होंने समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर के सौंदर्यीकरण एवं स्वच्छता को लेकर भी अधिकारियों को निर्देशित किया और कहा कि शैक्षणिक संस्थानों का वातावरण विद्यार्थियों के मानसिक एवं बौद्धिक विकास में सहायक होना चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि परिसर को हरित एवं स्वच्छ बनाए रखने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए। राज्यपाल ने विभिन्न कक्षाओं का दौरा किया और विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी शैक्षणिक प्रगति एवं अनुभवों के बारे में जानकारी ली।

उन्होंने विद्यार्थियों को सीमित संसाधनों में भी लगन, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि संघर्ष और मेहनत ही सफलता की कुंजी है। यदि छात्र कठिन परिश्रम एवं संकल्प के साथ अध्ययन करें तो वे अपने लक्ष्यों को अवश्य प्राप्त कर सकते हैं।

राज्यपाल ने विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका को गंभीरता से समझने का आह्वान किया और कहा कि आज का युवा ही भविष्य का नेतृत्वकर्ता है। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन को भी निर्देश दिया कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अनुसंधान के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.