शपथ से पहले कपिल मिश्रा ने झंडेवालान मंदिर में की पूजा, PM मोदी का जताया आभार

Summary :

पीएम मोदी का विजन हम सब पूरा करने की कोशिश करेंगे

दिल्ली के रामलीला मैदान में रेखा गुप्ता आज दिल्ली की मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगी। उनके साथ छह मंत्री भी शपथ लेंगे, जिनमें करावल नगर से विधायक कपिल मिश्रा भी शामिल हैं। शपथ से पहले ही कपिल मिश्रा झंडेवालान मंदिर में दर्शन करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि मैंने यहां झंडेवालान मंदिर आकर देवी मां का आभार व्यक्त किया है। शपथ ग्रहण के बाद पीएम मोदी का जो विजन है, हम सब उसे पूरा करने की कोशिश करेंगे। इसके अलावा उन्होंने कहा कि यह दिल्ली के लिए ऐतिहासिक दिन है।

बता दें कि शालीमार बाग से विधायक रेखा गुप्ता दिल्ली की नई मुख्यमंत्री के तौर पर आज शपथ लेंगी। वह दिल्ली की चौथी महिला सीएम होंगी। इनसे पहले सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी दिल्ली की कमान संभाल चुकी हैं। शपथ ग्रहण समारोह दोपहर 12.15 बजे रामलीला मैदान में आयोजित होगा। उनके साथ 6 मंत्री- प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंदर इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह भी शपथ लेंगे।

6 मंत्रियों को लेकर अधिसूचना भी जारी कर दी गई है। उपराज्यपाल वीके सक्सेना आज दोपहर 12.35 बजे नए मुख्यमंत्री और उनके मंत्रिमंडल को शपथ दिलाएंगे। शपथ ग्रहण समारोह को लेकर तैयारी भी पूरी कर ली गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत तमाम केंद्रीय मंत्री, भाजपा और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम भी इसमें शामिल होंगे। रामलीला मैदान में सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद है। रामलीला मैदान में सुरक्षा के लिए एनएसजी कमांडो, दिल्ली पुलिस के जवान और आरएएफ (रैपिड एक्शन फोर्स) के जवान तैनात हैं। दिल्ली में 25,000 से अधिक सुरक्षाकर्मी और अर्धसैनिक बलों की 15 से ज्यादा कंपनियां तैनात की गई हैं।

ज्ञात हो कि बुधवार शाम विधायक दल की बैठक में रेखा गुप्ता को सीएम चुना गया था। सीएम चुने जाने के बाद पहली बार मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, ” पीएम मोदी ने जो दिल्ली की जनता के लिए विजन दिया है, उसे पूरा करना मेरी प्राथमिकता होगी। पीएम मोदी का तहे दिल से आभार जताना चाहती हूं कि यह सम्मान सिर्फ मेरा नहीं है, बल्कि यह देश की हर मां-बेटी का सम्मान है।”

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.