नोएडा में ट्रैफिक पुलिस का बड़ा अभियान, 7361 ई-चालान काटे गए

Summary :

नोएडा में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन, 7361 ई-चालान काटे गए

कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर और पुलिस उपायुक्त यातायात के पर्यवेक्षण में शुक्रवार को यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। इस अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर चेकिंग की गई और मैनुअल तथा आईसीटीएमएस कैमरों द्वारा कुल 7,361 ई-चालान जारी किए गए। इस अभियान में 20 वाहनों को सीज भी किया गया। इसके अलावा, विशेष अभियान के तहत बिना हेलमेट, नो-पार्किंग, मोबाइल फोन का उपयोग और लाइन चेंज जैसे उल्लंघनों पर कार्रवाई की गई। बिना हेलमेट के 3,612, मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए 41, नो-पार्किंग पर 511 और लाइन चेंज करने वाले 296 वाहनों के खिलाफ प्रवर्तन कार्यवाही की गई।

इस अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देना और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करना था। पुलिस ने इस अभियान को लेकर सभी नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके। गौरतलब है कि यातायात पुलिस ने लेन ड्राइविंग से संबंधित अभियान भी चला रखा है। इसमें अगर आप लेन को एक्सप्रेसवे पर बदलते हैं तो फिर आप पर जुर्माना लगाया जाएगा। जिसके तहत अब तक सैकड़ों वाहनों पर जुर्माना लगाने की कार्रवाई की जा चुकी है।

इसके साथ-साथ यातायात विभाग लगातार अलग-अलग अभियान चलाकर नो पार्किंग जोन में खड़ी गाड़ियों, सड़कों पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों और नशे में गाड़ी चलाने को लेकर अभियान चलाकर चालान करती है। इसके अलावा नोएडा के ट्रैफिक कंट्रोल रूम से भी गाड़ियों पर सीसीटीवी के जरिए नजर रखी जाती है और यातायात उल्लंघन करने वाले वाहनों का चालान किया जाता है। यातायात पुलिस ने कई जगहों पर यातायात कर्मियों को नियुक्त कर उन्हें चालान की कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.