रेखा गुप्ता के नेतृत्व में भाजपा विधायकों ने मोदी की गारंटी को पूरा करने का संकल्प लिया

Summary :

पीएम मोदी के वादों को पूरा करेंगी रेखा गुप्ता

शालीमार बाग से विधायक रेखा गुप्ता दिल्ली की अगली मुख्यमंत्री बनेंगी। बुधवार को भाजपा विधायक दल की बैठक में उनके नाम पर मुहर लगी है। रामलीला मैदान में गुरुवार को भव्य शपथ ग्रहण समारोह में दिल्ली के उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। भाजपा के नवनिर्वाचित विधायक आशीष सूद ने कहा, “यह कहना गलत होगा कि दिल्ली को महिला मुख्यमंत्री मिली हैं। मैं समझता हूं कि यह उनके साथ अन्याय होगा। यह कहना चाहिए कि दिल्ली को मुख्यमंत्री मिली हैं। उनकी कड़ी मेहनत और दिल्ली के साथ गहरे जुड़ाव को पहचाना और स्वीकार किया जाना चाहिए।

रेखा गुप्ता डूसू की अध्यक्ष रहीं हैं। पार्टी के विभिन्न पदों पर रही हैं। मैं समझता हूं कि उनके नेतृत्व में हम सभी भाजपा विधायक जान लगा देंगे और मोदी जी की गारंटी को पूरा करेंगे। भाजपा ने दिल्ली की जिम्मेदारी रेखा गुप्ता को सौंपी है, हम सभी लोग उनके नेतृत्व में काम करेंगे। भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा, “हम पूरी ताकत से काम करेंगे और अपने सभी वादे पूरे करेंगे। भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा, “मैं हार्दिक बधाई देती हूं। मुझे विश्वास है कि पीएम मोदी के नेतृत्व में रेखा गुप्ता दिल्ली में विकास का नया अध्याय लिखेंगी।

सीएम चुने जाने के बाद रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया। पोस्ट में उन्होंने लिखा, “मुझ पर विश्वास कर मुख्यमंत्री पद का दायित्व सौंपने के लिए मैं सभी शीर्ष नेतृत्व का हृदय से आभार व्यक्त करती हूं। आपके इस विश्वास और समर्थन ने मुझे नई ऊर्जा और प्रेरणा दी है। मैं संकल्प लेती हूं कि दिल्ली के हर नागरिक के कल्याण, सशक्तिकरण और समग्र विकास के लिए पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण से कार्य करूंगी। दिल्ली को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के इस महत्वपूर्ण अवसर के लिए मैं पूरी तरह से प्रतिबद्ध हूं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.