ब्रिटेन की सरकार ने गुरुवार को ‘वीजा फ्रॉड तों बचो’ नाम से एक कैंपेन लॉन्च किया जिसका उद्देश्य भारतीय नागरिकों को वीजा फ्रॉड और अवैध आव्रजन के कारण होने वाली शारीरिक, वित्तीय और भावनात्मक परेशानियों से बचाना है।
कैंपेन के तहत अंग्रेजी और पंजाबी में एक नई समर्पित व्हाट्सएप सपोर्ट लाइन (+91-70652-51380) जारी की गई है। इस नंबर पर वीजा फ्रॉड के लिए आम तौर पर इस्तेमाल की जाने वाली रणनीति को पहचानने में मदद और ब्रिटेन की यात्रा करने के लिए कानूनी मार्ग तलाशने वालों के लिए आधिकारिक मार्गदर्शन तक पहुंच प्रदान की जाएगी। यह कैंपेन लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) में एलपीयू के चांसलर और राज्यसभा सांसद अशोक कुमार मित्तल की मौजूदगी में शुरू किया गया।
व्हाट्सएप लाइन के अलावा, कैंपेन के तहत वीजा फ्रॉड की चेतावनी के संकेतों को भी उजागर किया जाएगा। लोगों को सलाह दी जाएगी कि वे ब्रिटेन में नौकरी के वादों और अंग्रेजी-भाषा परीक्षण (आईईएलटीएस) की गैर-अनिवार्यता जैसे झूठे दावों, तथा अत्यधिक शुल्क को लेकर सचेत रहें। वीजा के कारण अक्सर लोग अनावश्यक कर्ज लेते हैं और उन्हें शारीरिक नुकसान तथा शोषण का खतरा होता है।
वीजा फ्रॉड करने वाले व्यक्ति के ब्रिटेन की यात्रा पर 10 साल तक का प्रतिबंध लगाया जा सकता है। भारत और ब्रिटेन ने ‘मोबिलिटी एंड माइग्रेशन पार्टनरशिप एग्रिमेंट’ के तहत अवैध आव्रजन से निपटने के लिए एक साझा प्रतिबद्धता जताई है। यह कैंपेन अवैध आव्रजन और वीजा धोखाधड़ी के खिलाफ लड़ाई को आगे बढ़ाने के लिए संयुक्त प्रयासों की एक और कड़ी है।


Download Android App
Download iOS App



