CM मोहन यादव ने सामूहिक विवाह को बताया सामाजिक समरसता का प्रतीक

Summary :

मुख्यमंत्री कन्यादान योजना से लाखों जोड़ों का विवाह

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सामूहिक विवाह को समाज में सकारात्मक परिवर्तन का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से वर-वधू के आर्थिक बोझ कम होते हैं और सामाजिक एकता को बल मिलता है। मुख्यमंत्री कन्यादान योजना से लाखों जोड़ों का विवाह कराया जा चुका है, जो जरूरतमंद परिवारों के लिए वरदान है।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गुरुवार को कहा कि सामूहिक विवाह कार्यक्रम समाज में समरसता, एकता और मितव्ययिता का उत्कृष्ट उदाहरण है। एक ही मंडप में कई जोड़ों का विवाह होना सामाजिक चेतना और बदलती सोच का प्रतीक है। मोहन यादव गुरुवार को मुख्यमंत्री निवास से सागर जिले की नरयावली विधानसभा क्षेत्र के ग्राम रजाखेड़ी बजरिया (मकरोनिया) में संपन्न सामूहिक विवाह सम्मेलन में वर्चुअली शामिल हुए। मुख्यमंत्री कन्यादान योजना में हुए सामूहिक विवाह सम्मेलन में कुल 1,119 जोड़ों का एक ही मंडप में विवाह कराया गया। मुख्यमंत्री ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया और सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब सामूहिक विवाह को समाज प्रसन्नतापूर्वक सहजता से अपना रहा है, जो यह दर्शाता है कि हमारे समाज की मानसिकता में सकारात्मक परिवर्तन हो रहा है। यह बेहद प्रशंसनीय और अनुकरणीय है। इस प्रकार के वैवाहिक आयोजनों से वर-वधू दोनों ही पक्षों का आर्थिक बोझ कम हो जाता है और इससे सामाजिक एकता को भी बल मिलता है।

MP में दूध के दाम बढ़ने पर कांग्रेस का विरोध-प्रदर्शन, सरकार के खिलाफ नारेबाजी

मुख्यमंत्री ने सभी से आत्मीय अपील की कि हम सब इसी प्रगतिशील सोच को अपनाएं और समाज में सद्भाव, सहयोग एवं सादगी को प्रोत्साहित करें। मुख्यमंत्री कन्यादान योजना से अब तक लाखों जोड़ों का विवाह कराया जा चुका है। यह योजना जरूरतमंद परिवारों के लिए एक वरदान की तरह है। उन्होंने वर-वधू से कहा कि वे सरकार की सभी योजनाओं का लाभ लेकर अपने उज्ज्वल भविष्य की ओर आगे बढ़ें। हमारी सरकार सबके रोजगार और सबके हितों की चिंता कर रही है।

कार्यक्रम स्थल से उपमुख्यमंत्री एवं सागर जिले के प्रभारी मंत्री राजेंद्र कुमार शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्यादान विवाह योजना एक अत्यंत महत्वाकांक्षी योजना है। इससे समाज में व्यापक स्तर पर बदलाव देखने को मिला है। उन्होंने सभी जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए बताया कि आज ही सभी जोड़ों के खाते में योजना में कुल 6.37 करोड़ रुपए की धनराशि हस्तांतरित की जा रही है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.