सूडान में हैजा का कहर, खार्तूम में 2,729 नए मामले

Summary :

खार्तूम में हैजा के बढ़ते मामलों पर सरकार की सख्त नजर

सूडान के खार्तूम में हैजा के मामलों में तेज वृद्धि हुई है, जिसमें 2,729 नए मामले सामने आए हैं। सरकार ने इस महामारी से निपटने के लिए 29 लाख से अधिक वैक्सीन प्राप्त की हैं। खार्तूम में जल्द ही एक बड़े टीकाकरण अभियान की शुरुआत की जाएगी, जिससे इस गंभीर बीमारी को रोकने का प्रयास किया जा रहा है।

सूडान में, खासतौर से राजधानी खार्तूम में हैजा के मामलों में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। इस बीच, सूडानी स्वास्थ्य मंत्रालय ने घोषणा की है कि उसे हैजा के टीके की 29 लाख से अधिक डोज़ प्राप्त हुई हैं। हैजा एक गंभीर बीमारी है, जो गंदे पानी या बासी खाने से फैलती है। इससे डायरिया और पानी की कमी हो सकती है। इलाज न होने पर यह जानलेवा भी हो सकता है।शुक्रवार को एक बयान में सूडान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा, “हैजा महामारी से निपटने के लिए कुल 29,05,400 वैक्सीन प्राप्त की गई हैं।

यह वैक्सीन विशेष रूप से खार्तूम में फैल रहे हैजा संक्रमण को रोकने के लिए लाई गई है।” सरकार ने बताया कि यह वैक्सीन अंतर्राष्ट्रीय समन्वय समूह (आईसीजी) नाम की संस्था ने दान की हैं। इस काम में विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) और संयुक्त राष्ट्र बाल कोष (यूनिसेफ) ने भी मदद की है।

बयान में कहा गया कि इन वैक्सीन को खार्तूम राज्य में भेजा जाएगा, जहां जल्द ही एक बड़ा टीकाकरण अभियान शुरू किया जाएगा। एक साल या उससे ज्यादा उम्र के सभी लोगों को टीका लगाया जाएगा। मंत्रालय के अनुसार, स्वास्थ्य एजेंसियों और आईसीजी की साझेदारी के जरिए अक्टूबर 2023 से अब तक, सूडान को 1.69 करोड़ से ज्यादा वैक्सीन की डोज़ मिल चुकी हैं।

इस हफ्ते की शुरुआत में, सूडान के स्वास्थ्य मंत्री हैथम मोहम्मद इब्राहिम ने बताया कि खार्तूम में हैजा से संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ी है। मई महीने में ही खार्तूम में कम से कम 2,500 लोग हैजा से पीड़ित हुए हैं। मंगलवार को मंत्रालय ने बताया कि एक हफ्ते में 2,729 नए संक्रमण के मामले सामने आए और 172 लोग इस बीमारी की वजह से अपनी जान गंवा बैठे।

Asian Bank का भारत के 100 शहरों के लिए 10 अरब डॉलर का निवेश

गैर-सरकारी चिकित्सा सहायता समूह डॉक्टर्स विदाउट बॉर्डर्स के अनुसार, खार्तूम राज्य में बिजली और पानी की सेवाएं बार-बार बंद हो रही हैं। जब बिजली और साफ पानी नहीं मिलता है तो लोग गंदे पानी का इस्तेमाल करने को मजबूर हो जाते हैं, जिससे हैजा जैसी महामारी फैलती है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.