CM Vishnu Deo Sai on Naxalism : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान पर करारा पलटवार करते हुए उसे “सरासर असत्य” करार दिया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि बघेल अपनी सरकार की नाकामी छिपाने के लिए गलत बयानबाजी कर रहे हैं, जबकि नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई वर्तमान सरकार और केंद्र के मजबूत संकल्प का परिणाम है।
प्रधानमंत्री और गृहमंत्री को दिया श्रेय
मुख्यमंत्री साय ने 31 मार्च को ऐतिहासिक दिन बताते हुए कहा कि प्रदेश में नक्सलवाद अब समाप्ति की ओर है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को देते हुए कहा कि केंद्र-राज्य के बेहतर समन्वय और सख्त रणनीति से यह संभव हो पाया।
इसी बीच, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरते हुए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर गलत बयानबाजी का आरोप लगाया है। बघेल ने खुली बहस की चुनौती देते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने नक्सलवाद के खिलाफ स्पष्ट नीति के तहत काम किया और आदिवासियों के सामाजिक-आर्थिक विकास पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि नक्सलमुक्त गांवों को 1 करोड़ रुपये देने का वादा कब पूरा होगा।
साधा पूर्व कांग्रेस शासन पर निशाना
मुख्यमंत्री साय ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल में नक्सलवाद के खिलाफ न तो पर्याप्त इच्छाशक्ति दिखाई गई और न ही केंद्र सरकार को अपेक्षित सहयोग मिला। उन्होंने कहा कि 2023 के बाद स्थिति की समीक्षा में यह स्पष्ट हुआ कि नक्सल प्रभाव का बड़ा हिस्सा छत्तीसगढ़ में ही केंद्रित था।
साय ने भरोसा जताया कि अब बस्तर सहित नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में तेजी से विकास होगा और वर्षों से पिछड़े रहे इलाकों में नई संभावनाएं विकसित होंगी।
यह भी पढ़ें – नक्सलवाद पर सियासी घमासान! केदार कश्यप का पूर्व CM भूपेश बघेल पर तीखा पलटवार, अमित शाह के बयान का किया समर्थन























