साइप्रस की महिला सांसद ने छुए PM मोदी के पैर, दिया आशीर्वाद

Summary :

PM का स्वागत करते हुए उनके पैर छूकर सम्मान प्रकट किया

साइप्रस दौरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सम्मान में नगर परिषद सदस्य मिकाएला किथ्रियोटी म्लापा ने उनके पैर छूकर भारतीय संस्कृति की वैश्विक प्रशंसा की। मोदी ने विनम्रता से उन्हें आशीर्वाद दिया। यह घटना सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है और भारतीय परंपरा की महत्ता को दर्शाती है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दो दिवसीय साइप्रस दौरे के दौरान एक भावुक कर देने वाला पल सामने आया, जब निकोसिया नगर परिषद की सदस्य मिकाएला किथ्रियोटी म्लापा ने भारतीय प्रधानमंत्री का स्वागत करते हुए उनके पैर छूकर सम्मान प्रकट किया। यह पल सोमवार को उस समय देखने को मिला, जब प्रधानमंत्री मोदी साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस के साथ देश की ऐतिहासिक सीजफायर लाइन क्षेत्र का दौरा कर रहे थे। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। प्रधानमंत्री मोदी, जो पूर्व में कई बार महिलाओं को उनके पैर छूने से विनम्रता से रोक चुके हैं, इस बार भी म्लापा को आशीर्वाद देते हुए हाथ जोड़ते नजर आए। भाजपा प्रवक्ता सीआर केसवन ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए एक्स पर लिखा, “पहले पापुआ न्यू गिनी के प्रधानमंत्री जेम्स मारापे ने पीएम मोदी के चरण छूकर सम्मान व्यक्त किया था और अब साइप्रस की नगर परिषद की सदस्य मिकाएला द्वारा किया गया यह कार्य भारतीय संस्कृति, परंपरा और सभ्यता की वैश्विक प्रशंसा का प्रतीक है। पीएम मोदी ने भारत की शक्ति के साथ-साथ उसकी प्रतिष्ठा और गौरव को भी वैश्विक स्तर पर नई ऊंचाई दी है।”

यह कोई पहला मौका नहीं है, जब पीएम मोदी को इस तरह से सम्मान दिया गया है। मई 2023 में जब पीएम मोदी पापुआ न्यू गिनी की राजधानी पोर्ट मोरेस्बी पहुंचे थे, तो वहां के प्रधानमंत्री जेम्स मारापे ने भी उनका स्वागत करते हुए उनके पैर छुए थे और उन्हें “महान नेता” बताते हुए विशेष सम्मान दिया था। वहीं, सोमवार को राष्ट्रपति निकोस ने प्रधानमंत्री मोदी को “ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारियोस तृतीय” सम्मान से नवाजा। यह साइप्रस का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है। यह पीएम मोदी को किसी विदेशी राष्ट्र द्वारा मिला 23वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है।

साइप्रस ने PM मोदी को सर्वोच्च नागरिक सम्मान से किया सम्मानित

राष्ट्रपति निकोस ने कहा, “23 वर्षों बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह ऐतिहासिक यात्रा हमारे लिए गौरव की बात है। इससे हमारे द्विपक्षीय संबंधों को अर्थव्यवस्था, व्यापार, रक्षा, सुरक्षा, तकनीक, पर्यटन और संपर्क के क्षेत्रों में मजबूती मिलेगी। साइप्रस भारत का एक विश्वसनीय सहयोगी है और हम यूरोपीय संघ के सदस्य के रूप में भारत के साथ रणनीतिक संबंधों को और मजबूत करने के लिए कार्य करेंगे।”

उन्होंने आगे कहा, “मैं साइप्रस मुद्दे पर भारत की दीर्घकालिक समर्थन नीति के लिए प्रधानमंत्री मोदी का सार्वजनिक रूप से धन्यवाद करता हूं, साथ ही अंतरराष्ट्रीय और सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ भारत के प्रयासों में साइप्रस का समर्थन भी दोहराता हूं।”

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.