पत्थर से कुचला सिर, काट दी हाथों की अंगुलियां! देहरादून में 12वीं क्लास की छात्रा के संग बर्बरता की सारी हदें पार

Summary :

Dehradun Woman Murder: उत्तराखंड के देहरादून जिले के विकासनगर क्षेत्र के ढालीपुर इलाके में एक 12वीं कक्षा की छात्रा की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत और गुस्से का माहौल है। हालांकि अभी तक पुलिस ने हत्या का पूरा खुलासा नहीं किया है, लेकिन शक की सुई मृतका के चचेरे भाई पर ही टिक गई है। मृतका के पिता ने अपने ही भतीजे के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोपी फिलहाल फरार है और पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। Dehradun Woman Murder: सड़क किनारे झाड़ियों…

Dehradun Woman Murder: उत्तराखंड के देहरादून जिले के विकासनगर क्षेत्र के ढालीपुर इलाके में एक 12वीं कक्षा की छात्रा की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत और गुस्से का माहौल है। हालांकि अभी तक पुलिस ने हत्या का पूरा खुलासा नहीं किया है, लेकिन शक की सुई मृतका के चचेरे भाई पर ही टिक गई है। मृतका के पिता ने अपने ही भतीजे के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोपी फिलहाल फरार है और पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

Dehradun Woman Murder: सड़क किनारे झाड़ियों में मिला शव

29 जनवरी की रात ढालीपुर की ओर जाने वाले रास्ते पर झाड़ियों में एक युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव की पहचान की गई। मृतका की पहचान मनीषा, निवासी बोक्सा बस्ती देवीपुर के रूप में हुई। वह एक इंटर कॉलेज में कक्षा 12 की छात्रा थी। पुलिस को शव के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान मिले, जिससे साफ था कि उसकी हत्या बेहद नृशंस तरीके से की गई है।

Dehradun Woman Murder (Image- S-M)
Dehradun Woman Murder (Image- S-M)

Dehradun Crime News: दवा लेने निकली थी मनीषा

पुलिस पूछताछ में परिजनों ने बताया कि मनीषा शाम को अपने चचेरे भाई सुरेंद्र के साथ बाइक से दवा लेने निकली थी। मनीषा को त्वचा से जुड़ी बीमारी थी और इलाज चल रहा था। जब देर रात तक वह वापस नहीं लौटी तो परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। कुछ घंटों बाद उसका शव सड़क किनारे झाड़ियों में मिला, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

Dehradun News: पिता ने जताया चचेरे भाई पर शक

मनीषा के पिता ने सुरेंद्र उर्फ मांडू के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने घटनास्थल से आरोपी की मोटरसाइकिल और हत्या में इस्तेमाल की गई दरांती भी बरामद कर ली है। जांच में सामने आया है कि आरोपी ने यह दरांती दो दिन पहले ही खरीदी थी और वह इसे बाइक में लेकर घूमता था। आरोपी के परिवार वालों ने भी दरांती खरीदने की बात स्वीकार की है।

Dehradun Woman Murder (Image- S-M)
Dehradun Woman Murder (Image- S-M)

पत्थर और हथियार से किया गया हमला

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मनीषा पर सिर्फ दरांती से ही नहीं बल्कि पत्थरों से भी वार किया गया था। उसके सिर और चेहरे को बेरहमी से कुचला गया था। इतना ही नहीं, आरोपी ने उसके हाथों की कुछ अंगुलियां भी काट दी थीं। इस दर्दनाक घटना को देखकर पुलिस अधिकारी और परिजन दोनों ही बेहद भावुक हो गए। मनीषा की मां का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग की है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस आरोपी की तलाश में आसपास के इलाकों के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। घटना वाले दिन सुरेंद्र ने एक पेट्रोल पंप से बाइक में पेट्रोल भरवाया था, जिसकी फुटेज पुलिस को मिली है। जांच के दौरान बाइक के हैंडल पर खून के निशान भी पाए गए हैं। पुलिस का मानना है कि हत्या के बाद आरोपी ने बाइक स्टार्ट करने की कोशिश की, लेकिन चाबी गिरने के कारण वह बाइक छोड़कर फरार हो गया।

Dehradun Woman Murder (Image- S-M)

Dehradun Woman Murder (Image- S-M)

मजदूरी करता था परिवार

मनीषा का परिवार मजदूरी करके जीवन यापन करता था। सुरेंद्र भी मजदूरी का काम करता है और अक्सर मनीषा को बाजार ले जाया करता था। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।

यह भी पढ़ें: यूसीसी सिर्फ कानून नहीं, बल्कि समानता-पारदर्शिता और सामाजिक समरसता की सशक्त नींव : सीएम पुष्कर सिंह धामी

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।