दिल्ली की CM रेखा गुप्ता जनता को दिया आश्वासन, समस्याएं जल्द होंगी समाप्त

Summary :

CM रेखा गुप्ता ने अपने आवास से ही जनता को संबोधित किया

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को अपने आवास से ही जनता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हमने जो भी वादे किए हैं, उसे हर कीमत पर पूरा किया जाएगा। उन्होंने लोगों की ओर इशारा करते हुए कहा कि मैं आप सभी का धन्यवाद करना चाहूंगी कि आपने मेरा समर्थन किया। इस वजह से मुझे आप लोगों की सेवा करने का मौका मिला है।

मुख्यमंत्री बनाए जाने पर पीएम मोदी का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि यह प्रधानमंत्री का ही आशीर्वाद है कि दिल्ली की बेटी को इतना बड़ा सम्मान मिला। इसके बाद उन्होंने लोगों की ओर इशारा करते हुए सवालिया लहजे में कहा कि आप लोगों का आशीर्वाद मेरे साथ है ना? तो इस पर लोगों ने हां कहते हुए भारत माता की जय के नारे लगाए। उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि समस्या कुछ दिनों की है जो खुद-ब-खुद दूर हो जाएगी। मैं चाहती हूं कि एक-एक दिन दिल्ली वालों की भलाई में लगाऊं।

सीएम ने शपथ के बाद कर्तव्य पथ पर आगे बढ़ने की बात भी कही। बोलीं, परसों हमने शपथ ली। इसके बाद उसी दिन कैबिनेट की बैठक की। शपथ ग्रहण के बाद अपनी पहली ही बैठक में हमने आयुष्मान योजना को लागू किया। इस योजना को पिछली सरकार ने रोककर रखा था, लेकिन हमने इसे लागू किया, ताकि दिल्ली के हर व्यक्ति की स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने आगे कहा कि आज तीसरा दिन है। मैं लगातार सचिवालय में सभी विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर रही हूं और यह सुनिश्चित कर रही हूं कि कोई भी काम न रुके। मैं आश्वस्त करती हूं कि दिल्ली की जनता का एक भी दिन बर्बाद नहीं होने दूंगी। हर दिन का उपभोग दिल्ली की जनता के हित में किया जाएगा। हमारा बस एक ही मिशन है। उन्होंने कहा कि मैं आप सभी का धन्यवाद करना चाहूंगी कि आप लोग दूर-दूर से मेरा समर्थन करने के लिए आए हैं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.