दिल्ली सरकार ने दी ‘आयुष्मान भारत’ को मंजूरी: मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा

Summary :

कैग रिपोर्ट को लेकर भी महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं

दिल्ली में नई सरकार के गठन के बाद गुरुवार को कैबिनेट की पहली बैठक हुई। कैबिनेट की बैठक के बाद मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने बताया कि दिल्ली सरकार ने ‘आयुष्मान भारत’ योजना को लागू करने के लिए अपनी मंजूरी दे दी है। कैग रिपोर्ट को लेकर भी महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि कुल 14 कैग रिपोर्ट लंबित थीं, जिनमें से कई रिपोर्टों में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप सामने आए हैं।

उन्होंने बताया कि खास तौर पर परफॉर्मेंस आधारित रिपोर्टों में कई गंभीर मुद्दे उठे हैं। इनमें शराब आपूर्ति से जुड़ा मामला भी शामिल है, जिसमें कई अनियमितताएं सामने आ सकती हैं। इसके अलावा, बच्चों से संबंधित कुछ रिपोर्टें भी थीं, जिनमें कई खामियां पाई गई हैं। इन 14 रिपोर्टों को विधानसभा में पेश करने की अनुमति मिल गई है और इन रिपोर्टों को विधानसभा के पटल पर रखा जाएगा। सिरसा ने उम्मीद जताई कि जब ये रिपोर्टें सार्वजनिक होंगी, तो कई बड़े खुलासे सामने आएंगे, जो आम आदमी पार्टी की सरकार की कार्यशैली और विभिन्न विभागों में हो रहे भ्रष्टाचार को उजागर करेंगे। इन रिपोर्टों के सामने आने से दिल्ली सरकार की पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर नई दिशा मिल सकती है, और इन मुद्दों पर गंभीर विचार-विमर्श हो सकता है।

उल्लेखनीय है कि दिल्ली की नई मुख्यमंत्री के रूप में रेखा गुप्ता के साथ छह विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली। उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना ने सबसे पहले मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को शपथ दिलाई। इसके बाद क्रमशः प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, कपिल मिश्रा, पंकज कुमार सिंह और रविंद्र इंद्राज सिंह ने शपथ ली। शपथ ग्रहण में मुख्य मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी उपस्थित रहे। दूसरे मंच पर धर्मगुरुओं और विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी थी, जबकि तीसरे मंच पर संगीत कार्यक्रम से जुड़े कलाकार थे।

उल्लेखनीय है कि भाजपा विधायक दल की बुधवार शाम हुई बैठक में रेखा गुप्ता को मुख्यमंत्री चुना गया था। उन्होंने मीडिया से कहा था कि पीएम मोदी ने जो दिल्ली की जनता के लिए विजन दिया है, उसे पूरा करना उनकी प्राथमिकता होगी। रेखा गुप्ता दिल्ली की शालीमार बाग सीट से पहली बार विधायक चुनी गई हैं। उन्होंने ‘आप’ की बंदना कुमारी को 29,595 मतों के अंतर से हराया था।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.