दो दिवसीय दौरे पर भारत आएंगे दुबई के क्राउन प्रिंस, PM मोदी से करेंगे मुलाकात

Summary :

क्राउन प्रिंस शेख हमदान का भारत दौरा, कई मंत्रियों से करेंगे बैठक

दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान बिन मोहम्मद अल मकतूम मंगलवार को दो दिवसीय दौरे पर भारत आएंगे। वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर आ रहे हैं और उनके साथ कई मंत्री और व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल भी होंगे। इस यात्रा से भारत-यूएई के आर्थिक और वाणिज्यिक सहयोग को मजबूती मिलेगी।

दुबई के क्राउन प्रिंस और यूएई के उप प्रधानमंत्री शेख हमदान बिन मोहम्मद अल मकतूम मंगलवार को दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर भारत आएंगे। वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर दो दिन के लिए भारत पहुंचेंगे। दुबई के क्राउन प्रिंस के रूप में शेख हमदान की यह पहली आधिकारिक भारत यात्रा है। उनके साथ कई मंत्री, वरिष्ठ सरकारी अधिकारी और एक उच्च स्तरीय व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल भी आएगा। प्रधानमंत्री मोदी मंगलवार को शेख हमदान के लिए लंच की मेजबानी करेंगे। क्राउन प्रिंस भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ बैठक भी करेंगे।

Delhi: PM मोदी 9 अप्रैल को नवकार महामंत्र दिवस के कार्यक्रम में होंगे शामिल

क्राउन प्रिंस दिल्ली के बाद मुंबई जाएंगे और दोनों देशों के प्रमुख व्यापारिक नेताओं के साथ एक बिजनेस राउंड टेबल में हिस्सा लेंगे। इस बातचीत से पारंपरिक और भविष्य के क्षेत्रों में भारत-यूएई आर्थिक और वाणिज्यिक सहयोग मजबूत होगा। विदेश मंत्रालय द्वारा जारी एक बयान में कहा है, “परंपरागत रूप से दुबई ने भारत और यूएई के बीच वाणिज्यिक, सांस्कृतिक और लोगों के बीच आदान-प्रदान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। यूएई में भारत के लगभग 43 लाख प्रवासियों में से अधिकांश दुबई में रहते और काम करते हैं। महामहिम क्राउन प्रिंस की यात्रा भारत-यूएई व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करेगी और दुबई के साथ हमारे बहुआयामी संबंधों को गहरा करेगी।”

विदेश मंत्री जयशंकर ने इस साल 27-29 जनवरी को संयुक्त अरब अमीरात की अपनी यात्रा के दौरान क्राउन प्रिंस को प्रधानमंत्री की तरफ से भारत आने का निमंत्रण दिया था। विदेश मंत्री ने बैठक के बाद एक्स पर पोस्ट किया था, “दुबई के क्राउन प्रिंस और यूएई के डीपीएम और रक्षा मंत्री हमदान मोहम्मद से मिलकर बहुत खुशी हुई। दोस्ती के हमारे गहरे बंधन और हमारे लोगों की भलाई के लिए उन्हें आगे बढ़ाने पर गर्मजोशी से बातचीत हुई। इस मुलाकात ने दुबई के साथ भारत के मजबूत और लगातार बढ़ते आर्थिक और लोगों के बीच संबंधों को और मजबूत किया।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.