Lucknow: पुलिस और ट्रांसफार्मर से चोरी करने वाले गिरोह के बीच मुठभेड़, चार गिरफ्तार

Summary :

ट्रांसफार्मर से तेल और कॉपर चोरी करते थे गिरोह

मलिहाबाद थाना क्षेत्र के सहिलामऊ गांव में पुलिस और ट्रांसफार्मर से तेल व कॉपर चोरी करने वाले गिरोह के बीच गुरुवार को मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हो गया, जबकि उसके तीन अन्य साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए बदमाशों के पास से भारी मात्रा में कॉपर, एक कार, असलहा और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

डीसीपी पश्चिमी विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि ग्रामीण इलाकों में ट्रांसफार्मर से तेल और कॉपर तार चोरी की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। माना जा रहा था कि इसके पीछे पूरा गिरोह सक्रिय है। इस आधार पर पुलिस टीम भी सक्रिय रूप से काम कर रही थी। मुखबिर से सूचना मिली कि यह गिरोह एक ट्रांसफार्मर से चोरी करने की तैयारी में है। सूचना पर पश्चिम जोन की क्राइम टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस को देखकर बदमाश भागने लगे, लेकिन उनकी कार एक गड्ढे में फंस गई। कार से तीन बदमाशों को तुरंत हिरासत में ले लिया गया। इस दौरान एक बदमाश, जिसका नाम रंजीत है, भागने की कोशिश करने लगा और उसने पुलिस टीम पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली रंजीत के पैर में लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

डीसीपी ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों का आपराधिक इतिहास रहा है। गिरफ्तार किए गए अन्य तीन बदमाशों की पहचान विपिन कुमार गौतम, शिव यादव उर्फ सोनू और मनोज उर्फ छोटू के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से चोरी का सामान, हथियार और कार बरामद की है। कार में कॉपर का सामान काफी मात्रा में मिला है। फिलहाल, सभी से पूछताछ जारी है ताकि इस गिरोह के अन्य साथियों और उनके नेटवर्क का पता लगाया जा सके।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.