हर नागरिक को मिलेगा 3 साल में न्याय…लखनऊ में बोले गृह मंत्री अमित शाह

Summary :

अमित शाह का दावा: तीन साल में मिलेगा सुप्रीम कोर्ट से न्याय

अमित शाह ने कहा कि केंद्र सरकार का लक्ष्य है कि न्यायिक प्रक्रिया को तेज और प्रभावी बनाया जाए, जिससे आम नागरिक को सालों तक अदालतों के चक्कर न काटने पड़ें. उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि आने वाले समय में भारत की न्यायिक व्यवस्था दुनिया के सबसे बेहतर और त्वरित निर्णय देने वाले सिस्टम में गिनी जाएगी.

Lucknow News: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को लखनऊ में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम अहम घोषणा की है. उन्होंने कहा कि आने वाले पांच सालों में देश की न्याय व्यवस्था को इस स्तर पर पहुंचा दिया जाएगा कि किसी भी नागरिक को एफआईआर दर्ज होने के बाद अधिकतम तीन सालों के अंदर सुप्रीम कोर्ट तक से न्याय मिल जाएगा. उनका यह बयान लखनऊ के डिफेंस एक्सपो ग्राउंड में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में सामने आया, जहां उत्तर प्रदेश पुलिस के लिए बड़ी संख्या में कॉन्स्टेबल नियुक्त किए गए.

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अमित शाह ने कहा कि केंद्र सरकार का लक्ष्य है कि न्यायिक प्रक्रिया को तेज और प्रभावी बनाया जाए, जिससे आम नागरिक को सालों तक अदालतों के चक्कर न काटने पड़ें. उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि आने वाले समय में भारत की न्यायिक व्यवस्था दुनिया के सबसे बेहतर और त्वरित निर्णय देने वाले सिस्टम में गिनी जाएगी.

नक्सलवाद पर नियंत्रण का दावा

अपने संबोधन के दौरान गृह मंत्री ने नक्सलवाद पर बड़ी बात कही. उन्होंने बताया कि एक समय देश के 11 राज्यों में नक्सल प्रभावित क्षेत्र हुआ करते थे, लेकिन अब यह संख्या घटकर मात्र तीन जिलों तक सीमित रह गई है. उन्होंने दावा किया कि 31 मार्च 2026 तक भारत पूरी तरह से नक्सलवाद से मुक्त हो जाएगा.

कांग्रेस पर जमकर बरसे शाह

अमित शाह ने पिछली सरकारों, खासकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में आतंकवादी हमलों की भरमार थी. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने आतंकवादियों को उनकी ही भाषा में जवाब दिया.

उरी हमले के बाद सर्जिकल स्ट्राइक, पुलवामा के बाद एयर स्ट्राइक और पहलगाम के बाद ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के माध्यम से भारत ने आतंकियों के अड्डों को तबाह किया. शाह ने कहा कि आज भारत की सीमाएं पहले से ज्यादा सुरक्षित हैं और अब कोई भी देश भारत के जवानों पर हमला करके बच नहीं सकता.

60,244 पुलिस कर्मियों को सौंपे गए नियुक्ति पत्र

इस मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री ने 60,244 नव नियुक्त पुलिस कॉन्स्टेबलों को नियुक्ति पत्र सौंपे. इस समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी उपस्थित थे.

अमित शाह ने नवनियुक्त पुलिसकर्मियों से कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने में उनकी जिम्मेदारी बेहद अहम होगी. उन्होंने कहा कि पुलिस का भय माफियाओं और असामाजिक तत्वों के लिए होना चाहिए, जबकि गरीब, दलित, पिछड़े और आदिवासी वर्ग के लोगों को पुलिस में एक संरक्षक और मित्र दिखाई देना चाहिए.

Lucknow Newsबृजभूषण सिंह ने दलित बेटी के लिए एफआईआर की मांग की

उत्तर प्रदेश बनेगा आदर्श

शाह ने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश की नई पुलिस फोर्स पूरे देश के लिए एक उदाहरण पेश करेगी. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में राज्य में अपराधियों की कोई जगह नहीं रहेगी और आम जनता को सुरक्षा का अनुभव होगा.

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।