Father Kills Son Over Property Dispute: दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पिता के रिश्ते को शर्मसार कर दिया है। यहां पिता ने अपनी ही 13 साल के इकलौते बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद पिता पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन CCTV फुटेज और पूछताछ से उसकी साजिश का खुलासा हो गया। बताया जा रहा है कि आरोपी पिता ने प्रॉपर्टी विवाद में अपने रिश्तेदारों को फंसाने की साजिश के तहत इस घटना को अंजाम दिया।
आरोपी ने पुलिस को किया गुमराह
जानकारी के अनुसार, सिरसा गांव निवासी 13 साल साल का बच्चा 7 मई को अचानक से लापता हो गया। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और बाद में पुलिस को सूचना दी गई। शुरुआत में आरोपी पिता ने बच्चे के अपहरण और पारिवारिक दुश्मनी का शक जताते हुए रिश्तेदारों पर आरोप लगाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
तालाब में मिला बच्चे का शव
जांच में पुलिस को पिता पर थोड़ा शक हुआ। इसके बाद उन्होंने सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए और आस-पास बच्चों से पूछताछ की गई। फुटेज में सुधांशु अपने पिता प्रदीप के साथ कार में जाता दिखाई दिया। इसके बाद धीरे-धीरे कई तथ्य सामने आए, जिससे शक और गहरा गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी पिता बार-बार अपने बयान बदलकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश कर रहा था। तभी देर शाम कासना पुलिस को सूचना मिली कि 6 परसेंट कॉलोनी के पास एक शव तैरता दिखाई दिया। मौके पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम पहुंची। शव की पहचान लापता बच्चे के रूप में हुई।
रिश्तेदारों को फंसाने के लिए बेटे की हत्या
बच्चे का शव मिलने के बाद जांच और तेज कर दी गई है। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने बच्चे के पिता को हिरासत में ले लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया कि प्रॉपर्टी विवाद को लेकर परिवार में लंबे समय से तनाव चल रहा था। इस वजह से उसने अपने बेटे की हत्या करके रिश्तेदारों को फंसाने की योजना बनाई।


Download Android App
Download iOS App




