गाजियाबाद: कमर्शियल बिल्डिंग में आग, 100 लोग सुरक्षित रेस्क्यू

Summary :

कमर्शियल बिल्डिंग में आग, दमकलकर्मियों ने किया सफल रेस्क्यू

गाजियाबाद के राजनगर डिस्ट्रिक्ट सेंटर की एक कमर्शियल बिल्डिंग में भीषण आग लग गई, जिससे 100 से ज्यादा लोग फंस गए। दमकल विभाग की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया गया। सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और आग के कारणों की जांच जारी है।

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में कविनगर थाना क्षेत्र स्थित राजनगर डिस्ट्रिक्ट सेंटर (आरडीसी) की एक कमर्शियल बिल्डिंग में सोमवार को अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। बिल्डिंग में आग लगने के बाद रास्ता नहीं होने के कारण कुछ लोग खिड़की पर निकलकर लटकते नजर आए। आग की सूचना तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को दी गई। दमकल की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंची और दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। जानकारी के अनुसार, 100 से ज्यादा लोगों को रेस्क्यू किया गया है। अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने मीडिया को बताया कि लगभग 3:15 बजे फायर स्टेशन कोतवाली को आरडीसी की एक कमर्शियल बिल्डिंग में आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद घटनास्थल पर कई गाड़ियों को भेजा गया। इलेक्ट्रिकल शाफ्ट में आग पूरी तरह से फैली हुई थी। इस कारण एक छोटे स्टोर रूम में आग फैल गई थी, जिसके कारण पूरी इमारत में धुआं भर गया था।

गाजियाबाद पुलिस ने युवक की हत्या का खुलासा किया, दो गिरफ्तार

धुआं और आग के कारण लोग बिल्डिंग में फंस गए थे। आग को तीन होज पाइप की सहायता से बुझाना शुरू किया गया। लगभग डेढ़ घंटे में आग को पूरी तरह से बुझा दिया गया। बिल्डिंग में 100 से ज्यादा लोग फंसे हुए थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाला गया। आग इमारत के सातवें फ्लोर पर फैली हुई थी। आग किन कारणों से लगी, उसकी जांच की जा रही है। आग की घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। गौरतलब है कि इससे पहले 10 अप्रैल को गाजियाबाद के ट्रोनिका सिटी स्थित एक कपड़ा फैक्ट्री में भीषण आग लग गई थी। यह आग ट्रोनिका सिटी के ए-4 साइट में स्थित इंडो इंडिया नामक फैक्ट्री में लगी थी, जहां कपड़ा बनाने और तैयार करने का कार्य होता है।

आग ने देखते ही देखते बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और फर्स्ट फ्लोर को अपनी चपेट में ले लिया। फैक्ट्री के अंदर बड़ी संख्या में कपड़े के बंडल मौजूद थे, जिससे आग ने और भी भयानक रूप धारण कर लिया था। फायर ब्रिगेड की 6 गाड़ियों ने लगभग पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया था।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.