खंडवा में बोलेरो और ट्रक की टक्कर में चार की मौत

Summary :

मध्य प्रदेश: खंडवा में बोलेरो और ट्रक की भीषण टक्कर

मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में बोलेरो और ट्रक के बीच हुई टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई है, वहीं चार अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

मिली जानकारी के अनुसार धनगांव थाना क्षेत्र के सुलगांव के पास पुनासा रोड में एक बोलेरो की ट्रक से टक्कर हो गई। इस बोलेरो में सवार लोग एक महिला को उपचार के लिए सनावद अस्पताल ले जा रहे थे। इस महिला ने पारिवारिक विवाद या अन्य किसी कारण से जहर खा लिया था। इसी दौरान बोलेरो की ट्रक से टक्कर हो गई। इस हादसे में बोलेरो में सवार चार लोगों की मौत हुई है जबकि चार अन्य लोग घायल हुए हैं।

पुलिस के अनुसार यह टक्कर इतनी भयानक थी कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे तक उड़ गए। इस हादसे का शिकार हुए लोगों को काफी मशक्कत के बाद बोलेरो से बाहर निकाला गया। इस हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग जमा हो गए और उन्होंने घायलों की मदद के लिए हर संभव कोशिश की।

मौके पर पहुंचे पुलिस बल ने भी घायलों को बोलेरो से बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल भेजा है। बताया गया है कि बोलेरो सही रास्ते से जा रही थी तभी गलत साइड से ट्रक आ गया और दोनों वाहनों के बीच भिड़ंत हो गई। इस हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। वहां से निकल रहे लोग और आसपास के निवासी हादसे का शिकार हुए लोगों की मदद के लिए आए। सभी ने घायलों को निकालने का अभियान चलाया। तब तक बोलेरो में सवार चार लोगों की मौत हो चुकी थी, वहीं चार अन्य लोग घायल थे। इन घायलों को बेहतर और समय से उपचार मिल सके, इसके लिए तुरंत अस्पताल भेजा गया।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.