पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद द्वारा शहर के सभी थाना क्षेत्रों में एक सघन अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करने वाले व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। यह अभियान प्रतिदिन शाम 6:30 बजे से लेकर रात 10 बजे तक चलाया जा रहा है, जिसमें शराब ठेकों के आसपास, सड़क के किनारे और गाड़ियों में बैठकर शराब पीने वालों की चेकिंग की जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 26 फरवरी को ऐसे 452 व्यक्तियों को पकड़ा गया, जो खुलेआम सड़क पर शराब पी रहे थे, जिससे वहां आने-जाने वाले राहगीरों और आम जनों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ रहा था। गाजियाबाद पुलिस ने इन सभी व्यक्तियों को हिरासत में लेकर थाने लाया और उनका मेडिकल परीक्षण कराया। इसके बाद, 34 पुलिस एक्ट के तहत उनका चालान किया गया। पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके और शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखी जा सके।
गौरतलब है कि गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट की तरफ से यह अभियान बीते कई दिनों से चलाया जा रहा है। इस अभियान को चलाने का मकसद पूरे कमिश्नरेट के अलग-अलग स्थानों में शांति व्यवस्था को बनाए रखना है। पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारियों को कई जगह से यह शिकायतें मिल रही थीं कि शाम होते ही शराबियों का जमावड़ा ठेकों के आसपास जमा हो जाता है और वहां पर शराब पीकर वह हुड़दंग मचाते हैं।
जिससे वहां आसपास रहने वाले लोगों और वहां से निकलने वाले आम जनों को काफी ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसकी रोकथाम के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।


Download Android App
Download iOS App



