मुजफ्फरपुर में 75 हजार रुपए रिश्वत लेते दारोगा रंगेहाथ गिरफ्तार

Summary :

75 हजार की रिश्वत लेते मुजफ्फरपुर के दारोगा पकड़े गए

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के मुख्यालय पटना की टीम ने मंगलवार को मुजफ्फरपुर के सरैया थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक रौशन कुमार सिंह को 75,000 रुपए की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। बताया गया कि सरैया थाना क्षेत्र के बसंतपुर निवासी अवधेश कुमार सिंह ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो को 27 जनवरी को शिकायत दर्ज कराई थी कि सरैया के पुलिस अवर निरीक्षक रौशन सिंह थाना कांड संख्या 525/2020 में डायरी लिखने के लिए 75,000 रुपए की रिश्वत की मांग कर रहे हैं।

इस सूचना के सत्यापन के बाद ब्यूरो ने शुरुआती जांच में आरोप सही पाए जाने के पश्चात उपरोक्त कांड अंकित कर अनुसंधानकर्ता और पुलिस उपाधीक्षक सत्येंद्र राम के नेतृत्व में एक छापेमारी दल का गठन किया।

इसके बाद तय समय के मुताबिक, मंगलवार को शिकायतकर्ता भटौना के राज्यकृत गांधी जानकी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के पास जैसे ही पुलिस अवर निरीक्षक सिंह को 75,000 रुपए बतौर रिश्वत दे रहा था, तभी ब्यूरो की टीम ने पुलिस अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया। बताया गया कि आरोपी से ब्यूरो की टीम पूछताछ कर रही है।

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की वर्ष 2025 में भ्रष्टाचार के विरुद्ध यह छठी प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई है। यह इस वर्ष का चौथा ट्रैप है, जिसमें कांड दर्ज कर रंगे हाथ अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले छह फरवरी को ब्यूरो की टीम ने पटना के रूपसपुर थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक रणजीत कुमार सिंह को 50,000 रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.