Rohit–Virat–Pandya–Bumrah का जलवा, नवा Raipur बनेगा ‘ग्लोबल छत्तीसगढ़’, IPL से पहले हाईटेक सुविधाओं और सांस्कृतिक रंग में सजा स्टेडियम

Summary :

IPL 2026 Raipur: 10 और 13 मई को होने वाले आईपीएल मुकाबलों से पहले नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह क्रिकेट स्टेडियम (परसदा इंटरनेशनल स्टेडियम) अब सिर्फ एक क्रिकेट वेन्यू नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान का वैश्विक मंच बनने जा रहा है। करीब 120 से अधिक देशों में होने वाले लाइव प्रसारण के जरिए यहां की लोक कला, परंपरा और रंग पूरी दुनिया तक पहुंचेंगे। आरसीबी के होम ग्राउंड के रूप में यहां मुंबई और कोलकाता जैसी मजबूत टीमों के साथ मुकाबले खेले जाएंगे। मुंबई टीम में रोहित शर्मा, हार्दिक पांड्या और जसप्रीत बुमराह जैसे दिग्गज खिलाड़ियों…

IPL 2026 Raipur: 10 और 13 मई को होने वाले आईपीएल मुकाबलों से पहले नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह क्रिकेट स्टेडियम (परसदा इंटरनेशनल स्टेडियम) अब सिर्फ एक क्रिकेट वेन्यू नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान का वैश्विक मंच बनने जा रहा है। करीब 120 से अधिक देशों में होने वाले लाइव प्रसारण के जरिए यहां की लोक कला, परंपरा और रंग पूरी दुनिया तक पहुंचेंगे।

आरसीबी के होम ग्राउंड के रूप में यहां मुंबई और कोलकाता जैसी मजबूत टीमों के साथ मुकाबले खेले जाएंगे। मुंबई टीम में रोहित शर्मा, हार्दिक पांड्या और जसप्रीत बुमराह जैसे दिग्गज खिलाड़ियों की मौजूदगी से मैच का रोमांच चरम पर रहने की उम्मीद है, वहीं कोलकाता की टीम भी स्टार खिलाड़ियों से सजी हुई है।

स्टेडियम में मिलेगी स्थानीय संस्कृति की झलक

स्टेडियम के 40 कॉर्पोरेट बॉक्स को विशेष रूप से छत्तीसगढ़ी थीम पर सजाया जा रहा है, जिससे दर्शकों को स्थानीय संस्कृति की झलक मिलेगी। वहीं, आरसीबी के होम ग्राउंड के रूप में तैयार किए जा रहे इस स्टेडियम में विराट कोहली सहित टीम के स्टार खिलाड़ियों की आकर्षक पेंटिंग्स भी दर्शकों का ध्यान खींच रही हैं।

स्टेडियम में दर्शकों के लिए हाईटेक सुविधा

दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस बार व्यवस्थाओं को पूरी तरह हाईटेक बनाया गया है। डिजिटल टिकटिंग सिस्टम लागू किया गया है, जिसमें दर्शकों को ऑनलाइन टिकट बुकिंग के बाद मोबाइल पर क्यूआर कोड मिलेगा और उसी के जरिए सीधे एंट्री दी जाएगी। इससे फर्जी टिकट और ब्लैक मार्केटिंग पर प्रभावी नियंत्रण की उम्मीद है। बेहतर नेटवर्क व्यवस्था सुनिश्चित की गई है ताकि किसी भी तरह की तकनीकी समस्या न हो।

स्टेडियम में पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था की गई है, वहीं गर्मी से राहत देने के लिए नीचे के स्टैंड में वाटर मिस्ट (पानी के फव्वारे) की खास व्यवस्था भी की गई है। इसके साथ ही रात के मैचों को और आकर्षक बनाने के लिए भव्य लाइट शो की तैयारी की गई है, जिसमें पूरे स्टेडियम को रंगीन रोशनी से सजाया गया है।

हाई-स्कोरिंग पिच, कड़ी सुरक्षा और 60 हजार दर्शकों की तैयारी

आईपीएल मुकाबलों के लिए नई लाल मिट्टी की पिच तैयार की जा रही है, जिसे बल्लेबाजों के अनुकूल माना जा रहा है। पिच क्यूरेटर शमीम मिर्जा के अनुसार यहां 200 से अधिक रन बनने की पूरी संभावना है, जबकि गेंदबाजों को भी अच्छा उछाल मिलेगा। मैचों को और रोमांचक बनाने के लिए बाउंड्री साइज को 90 यार्ड से घटाकर 71 से 75 यार्ड कर दिया गया है, जिससे हाई स्कोरिंग मुकाबलों की उम्मीद बढ़ गई है।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कड़े इंतजाम किए गए हैं। बिना आईडी कार्ड के किसी भी दर्शक को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

स्टेडियम की दर्शक क्षमता करीब 60 हजार रखी गई है और ड्रेनेज सिस्टम सहित अन्य मरम्मत कार्य अंतिम चरण में हैं। कुल मिलाकर, नवा रायपुर का यह स्टेडियम इस बार आईपीएल के जरिए खेल, तकनीक और संस्कृति का अनूठा संगम पेश करने जा रहा है, जो छत्तीसगढ़ को वैश्विक पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाएगा।

Also Read: ‘भारत में पहले भी ऐसे ब्लास्ट…’, पंजाब में दो जगहों पर हुए धामकों पर बिगड़े फारूक अब्दुल्ला के बोल!

Bhawana Rawat

भावना रावत पिछले 2 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम की खबरें लिखने में रुचि है। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं।