गाजा पट्टी के दक्षिणी शहर राफा में Israel ने जबरदस्त बमबारी की है जिसमें कम से कम 40 लोग मारे गए और कई घायल हो गए। फिलिस्तीनी मीडिया की ओर से ये जानकारी सामने आई है। राफा में हजारों फिलिस्तीनी शरणार्थी टेंट में संयुक्त राष्ट्र राहत और कार्य एजेंसी के गोदामों के पास रह रहे हैं, जहां इजरायली सेना ने रविवार को लगभग आठ रॉकेट दागे। स्थानीय सूत्रों ने सिन्हुआ समाचार एजेंसी को बताया कि यह विस्थापित परिवारों की घनी आबादी वाले इलाके पर एक अभूतपूर्व इजरायली हवाई हमला था, जिसमें प्लास्टिक और टिन से बने तंबू और साथ ही नागरिक वाहन भी नष्ट हो गए।
- गाजा दक्षिणी शहर राफा में इजरायल ने जबरदस्त बमबारी की है
- कम से कम 40 लोग मारे गए और कई घायल हो गए
- राफा में हजारों फिलिस्तीनी शरणार्थी टेंट के पास रह रहे हैं
आग ने तंबुओं को लिया चपेट में
फेसबुक पर प्रसारित वीडियो क्लिप में दिखाया गया है कि क्षेत्र में आग की लपटें तेजी से उठ रही हैं और आग ने तंबुओं को अपनी चपेट में ले लिया। सूत्रों ने बताया कि नागरिक सुरक्षा और एम्बुलेंस कर्मचारियों को शवों को निकालने में काफी मशक्क्त करनी पड़ी। फिलिस्तीनी सुरक्षा सूत्रों ने सिन्हुआ को बताया कि इस क्षेत्र को हमले से पहले इजरायली सेना ने सुरक्षित क्षेत्र बताया था। रविवार रात जारी एक बयान में, हमास ने बमबारी की निंदा करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय न्यायालय (ICJ) के फैसले की पूर्ण अवज्ञा और अवहेलना बताया। ICJ ने इजरायल से राफा में आक्रमण रोकने की मांग की थी।
IDF विमान ने हमास परिसर पर किया हमला
इजरायल रक्षा बल ने एक बयान में कहा कि IDF विमान ने राफा में हमास परिसर पर हमला किया, जहां हमास आतंकवादी थे। इसमें कहा गया है, अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत सटीक खुफिया जानकारी के आधार पर हमला किया गया। इससे पहले 7 मई को, इजरायली सेना ने घोषणा की थी कि उसने मिस्र की सीमा पर गाजा पट्टी के दक्षिण में राफा के पूर्वी क्षेत्र में स्थित क्रॉसिंग के फिलिस्तीनी हिस्से पर नियंत्रण कर लिया है, जिसके चलते गाजा में प्रवेश करने वाली सहायता रोक दी गई है। इजरायल राफा को हमास का आखिरी गढ़ मानता है, जिसने 2007 से गाजा पट्टी को नियंत्रित किया हुआ है।


Download Android App
Download iOS App




