Kasganj Liquor Protest: उत्तर प्रदेश के जनपद कासगंज के गंगेश्वर कॉलोनी इलाके में उस समय हालात तनावपूर्ण हो गए, जब सरस्वती शिशु मंदिर रोड पर प्रस्तावित देशी शराब की दुकान के विरोध में बड़ी संख्या में महिलाओं ने सड़क जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। रिहायशी इलाके में शराब का ठेका खोले जाने की खबर से स्थानीय लोगों में पहले से ही आक्रोश था, जो बुधवार को सड़कों पर खुलकर सामने आया। वही प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि स्कूल के रास्ते और घनी आबादी के बीच शराब की दुकान खोलना उनके परिवार और बच्चों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है।
ठेका खुलने के विरोध में महिलाओं का प्रदर्शन
महिलाओं का आरोप है कि ऐसे स्थान पर ठेका खुलने से असामाजिक तत्वों का जमावड़ा बढ़ेगा, जिससे क्षेत्र मेंअपराध ब असुरक्षा का माहौल बन सकता है। वहीं महिलाओं ने विशेष रूप से बहू-बेटियों की सुरक्षा पर चिंता जताई। उनका कहना है कि जिस मार्ग से छात्राएं और महिलाएं रोजाना गुजरती हैं। वहां शराब की दुकान खुलने से उनका निकलना मुश्किल हो जाएगा।
इसके साथ ही यह रास्ता सरस्वती शिशु मंदिर की ओर जाता है, जिससे छोटे बच्चों पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ने की आशंका है। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने स्पष्ट शब्दों में कहा, “हम किसी भी कीमत पर अपनी बस्ती में शराब का ठेका नहीं खुलने देंगे। यह हमारे बच्चों के भविष्य और हमारी सुरक्षा का सवाल है।” इस दौरान सड़क जाम होने से कई घंटों तक यातायात प्रभावित रहा और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

महिलाओं ने दी चेतावनी
सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और स्थानीय लोगों की आपत्तियों को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय लिया जाएगा। महिलाओं ने चेतावनी दी है कि जब तक प्रशासन इस दुकान को हटाने या लाइसेंस निरस्त करने का ठोस आश्वासन नहीं देता, उनका आंदोलन जारी रहेगा।
रिपोर्ट- अजय चौहान/अशोक शर्मा
ALSO READ: ईरान के साथ चल रहे संघर्ष से अमेरिकी सेना कुछ हफ्तों में बाहर आ सकती है : ट्रंप





















