मध्यप्रदेश: 51वें खजुराहो नृत्य महोत्सव का शुभारंभ, कलाकारों को सम्मानित किया गया

Summary :

खजुराहो नृत्य महोत्सव: 139 नर्तकों ने बनाया विश्व रिकॉर्ड

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गुरुवार को 51वें खजुराहो नृत्य महोत्सव का शुभारंभ किया। उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा, “खजुराहो उत्सव में हमने राज्य की प्रतिभाओं को सम्मानित करने का काम किया। यह उत्सव अंतर्राष्ट्रीय स्तर का उत्सव है। संस्कृति विभाग द्वारा काफी मेहनत की गई है।”

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, “शिल्प और नृत्य कला के अद्भुत संगम की भूमि खजुराहो में बना विश्व रिकॉर्ड। मंदिरों की छांव में जीवंत हुए कला संस्कृति के सबसे बड़े समारोह खजुराहो नृत्य महोत्सव में 139 नर्तकों के दल की 18 समूहों में भरतनाट्यम, कथक, कुचिपुड़ी एवं ओडिसी शास्त्रीय नृत्यों की लगातार 24 घंटे से अधिक तक चली अनूठी प्रस्तुति ने सबको मंत्रमुग्ध करते हुए गिनीज बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में अपनी उपस्थिति दर्ज की है। इसकी गूंज न केवल खजुराहो, बल्कि भारतीय संस्कृति की भी दिव्य अभिव्यक्ति है, जिसके लिए सभी नृत्य कलाकारों को बधाई देता हूं। आज खजुराहो में 51वें खजुराहो नृत्य महोत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर अलंकरण समारोह में कला क्षेत्र में अमूल्य योगदान देने वाली विभूतियों को भी सम्मानित कर शुभकामनाएं दीं।

दिल्ली में रेखा गुप्ता के सीएम पद की शपथ लेने पर उन्होंने कहा कि दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनी है। देश में लगातार भाजपा का ग्राफ बढ़ रहा है। भाजपा के प्रति लोगों में विश्वास बढ़ा है। यही वजह है कि विश्व में भारत का डंका बज रहा है।

ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट को लेकर उन्होंने कहा कि यह हमारे लिए गौरव की बात है कि पीएम मोदी मध्य प्रदेश आ रहे हैं। 23 फरवरी को उनका आगमन होगा। वह 24 फरवरी तक रहेंगे। 24 तारीख को देशभर के उद्योगपति इस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे और कार्यक्रम को आगे बढ़ाएंगे। इसके बाद 25 फरवरी को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कार्यक्रम में आएंगे। 26 फरवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आ रही हैं। मध्य प्रदेश के लिए 23 फरवरी से लेकर 26 फरवरी चार दिन बेहद खास रहने वाले हैं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.