किसी के हताहत होने की खबर नहीं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ मेले में एक टेंट में आग लगने की घटना के बाद रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बात की। पीएम मोदी ने घटना के बाद की स्थिति के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को बताया कि एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की कुशल ब्रिगेड ने समय रहते आग पर काबू पा लिया था। अधिकारियों के अनुसार, गीता प्रेस के एक टेंट में लगी आग पर अब काबू पा लिया गया है और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) भानु भास्कर के अनुसार, आग कथित तौर पर सिलेंडर विस्फोट के कारण लगी थी।
महाकुंभ की व्यवस्थाओं की समीक्षा
भारतीय जनता पार्टी के नेता हरीश चंद्र श्रीवास्तव ने तथ्यों को जाने बिना सरकार पर आरोप लगाने के लिए विपक्ष पर निशाना साधा। श्रीवास्तव ने संवाददातों से कहा, गीता प्रेस कैंप में सिलेंडर फटने से आग लगी। विपक्ष इतना द्वेषपूर्ण है कि तथ्यों को जानने से पहले ही टिप्पणी कर देता है। विपक्षी दलों द्वारा इन चीजों पर लगाए गए आरोप बहुत सतही हैं और उनकी द्वेषपूर्ण राजनीति का सबूत हैं। इसके अलावा, भाजपा मंत्री ने आग पर तुरंत कार्रवाई करने के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ की सराहना की। उन्होंने कहा, मुख्यमंत्री ने महाकुंभ की व्यवस्थाओं की समीक्षा की और जगह-जगह जाकर जायजा लिया। आग की सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे।
उत्तर प्रदेश के मंत्री एके शर्मा के अनुसार, आग को 20 मिनट के भीतर बुझा दिया गया और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। मिडिया से बात करते हुए शर्मा ने कहा,आग पर 20 मिनट के भीतर काबू पा लिया गया। घटना में किसी की जान नहीं गई है और इसके लिए मैं मां गंगा, त्रिवेणी और लेटे हनुमान जी का आभार व्यक्त करता हूं। हमारी पुलिस टीम और एनडीआरएफ मौके पर है।


Download Android App
Download iOS App



