महाकुंभ संपन्न, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कर्मचारियों का जताया आभार

Summary :

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव सुबह प्रयागराज जंक्शन पहुंचे

संगम नगरी प्रयागराज में 13 जनवरी से शुरू हुआ महाकुंभ 26 फरवरी को महाशिवरात्रि स्नान के साथ संपन्न हो गया है। महाकुंभ में 66 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने गंगा में स्नान किया, जो एक बड़ी उपलब्धि है। इस बीच, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव सुबह प्रयागराज जंक्शन पहुंचे। उन्होंने कर्मचारियों से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी।

महाकुंभ के दौरान रेलवे ने देशभर से कई स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया। इस दौरान रेलवे की ओर से प्रयागराज रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिसके चलते करोड़ों श्रद्धालु अपने गंतव्य स्थान पर सुरक्षित पहुंच पाए। रेलवे की इस उपलब्धि के मद्देनजर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रयागराज रेलवे स्टेशन का दौरा कर यहां तैनात लोगों से मुलाकात की और महाकुंभ के दौरान किए गए कामों के लिए उनकी सराहना भी की।

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि महाकुंभ के दौरान रेलवे प्रशासन, सीआरपी और जीआरपी ने सभी विभागों में अच्छा काम किया है। मैं सभी का आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने एकजुट होकर मेहनत की। ये महाकुंभ हमारी आस्था और एकता का प्रतीक है। मैं पीएम मोदी का आभार जताता हूं, जिनके नेतृत्व में इतना बड़ा धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ।

उन्होंने कहा, “दुनियाभर से लोग यहां आए और उन्होंने महाकुंभ में स्नान किया। रेलवे की तरफ से 13 हजार ट्रेनें चलाने की योजना बनाई गई थी, लेकिन 16 हजार से अधिक ट्रेनों का संचालन किया गया। रेलवे ने करीब साढ़े 4 से 5 करोड़ श्रद्धालुओं को लाने और ले जाने का काम किया।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.