मनजिंदर सिंह सिरसा ने शीर्ष नेतृत्व का जताया आभार, मंत्री पद की लेंगे शपथ

Summary :

भाजपा नेता सिरसा ने कहा, सिख समुदाय को मिलेगा प्रतिनिधित्व

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता मनजिंदर सिंह सिरसा मंत्री पद की शपथ लेंगे। उन्होंने इस पर खुशी जताते हुए कहा कि ये सौभाग्य की बात है कि उन्हें भी दिल्ली में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में योगदान देने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि पिछले 11 सालों तक आम आदमी पार्टी ने सिख समुदाय के प्रतिनिधित्व के लिए कुछ भी नहीं किया। लेकिन, यह खुशी की बात है कि हमारी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने सिख समुदाय के प्रतिनिधित्व को बढ़ाने की दिशा में कदम बढ़ाना शुरू कर दिया है।

उन्होंने कहा कि मैं अपनी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का धन्यवाद करना चाहूंगा कि उन्होंने सिख समुदाय को अपनी आवाज बुलंद करने का मौका दिया। हमारी पार्टी ने कई अहम पदों पर सिख समुदाय से आने वाले चेहरों को मौका दिया है, जिससे वे अपनी आवाज उठा सकें। मैं गुरु तेग बहादुर का जितना धन्यवाद करूं, उतना कम है। उनकी कृपा की वजह से ही मुझे यह मौका मिला। अब मैं भी दिल्लीवालों के हितों को लेकर कदम उठा पाऊंगा।

उन्होंने कहा कि पहले मेरे भाइयों ने मुझे जीताकर विधानसभा में भेजा और इसके बाद मेरे पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने मुझे इस अहम पद की जिम्मेदारी सौंपी है। यह मेरे लिए हर्ष की बात है। मैं अपनी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का जितना धन्यवाद करूं, उतना कम है। उन्होंने कहा कि कई सालों तक दिल्ली में सिख समुदाय से आने वाले किसी भी नेता को अहम भूमिका में नहीं रखा गया। सिख समुदाय से आने वाले नेताओं की भूमिकाओं को कम करने का प्रयास किया गया।

सिरसा पंजाबी बहुल विधानसभा सीट राजौरी गार्डन से जीते हैं। उन्होंने आम आदमी पार्टी की धनवती चंदेला को 18 हजार से ज्यादा वोटों से हराया था। कांग्रेस उम्मीदवार धर्मपाल चंदेला तीसरे स्थान पर रहे थे। बता दें कि शालीमार बाग से विधायक रेखा गुप्ता आज दिल्ली की मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी और उनके साथ ही उनके साथ 6 मंत्री- प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंदर इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह भी शपथ लेंगे। जिसे लेकर अधिसूचना जारी की जा चुकी है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.